पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,इटखोरी,चतरा। प्रखंड अवस्थित एकमात्र उच्च शिक्षण संस्थान भद्रकाली महाविद्यालय इटखोरी चतरा में प्राचार्य डॉक्टर दुलार ठाकुर के नेतृत्व में विश्व साइकिल दिवस के शुभ अवसर पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य के द्वारा साइकिल चलाकर किया गया।





इस अवसर पर भद्रकाली महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर दुलार ठाकुर ने यह संदेश दिया कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।वर्तमान समय में विश्व अत्यधिक ताप का दंश झेल रहा है और विश्व ग्लोबल वार्मिंग की जद में आ गया है।इससे भी बचने के लिए हम साइकिल चलाएं और पर्यावरण को बचाएं,क्योंकि साइकिल से किसी भी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता है, जबकि हम लोग मोटरसाइकिल,मोटर गाड़ी, कार आदि से चलते हैं,जिससे काफी मात्रा में प्रदूषित पदार्थ निकलते हैं और हमारे पर्यावरण को प्रदूषित करते हैं।





दुलार ठाकुर ने छात्र-छात्राओं को यह संदेश दिया कि यदि भविष्य के लिए स्वयं को स्वस्थ रखना है, पर्यावरण को संतुलित रखता है तो साइकिल अवश्य चलाएं। साइकिल चलाने से शारीरिक व्यायाम भी हो जाता है और विभिन्न प्रकार से रोगों से बचाव होता है।आज साइकिल गिनेचुने लोगों के पास ही देखने को मिलती है,जबकि पुराने जमाने में मोटरसाइकिल का प्रचलन बहुत कम था उस समय हर एक गांव और शहरों में भी साइकिल का प्रचलन था,जिस कारण लोगों का स्वास्थ्य और पर्यावरण अच्छा रहता था।लोग साइकिल से लंबी दूरी की यात्रा कर लेते थे।उसका कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता था।





इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1 के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रोफेसर संदीप कुमार ने साइकिल चलाना स्वास्थ्य, पर्यावरण और अच्छे सेहत के लिए लाभदायक बतलाया।इस कार्यक्रम में भद्रकाली महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर दुलार,एनएसएस इकाई एक के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रोफेसर संदीप कुमार, प्रधान लिपिक दशरथ कुमार राणा, रामदेव रविदास, पवन कुमार , शुभम कुमार, प्रेम ठाकुर,सुरेश साव,हदीस अंसारी, इंद्रजीत सिंह, देवकुमार सिंह,मोहन भुइयां, छात्रा खुशबू कुमारी, परमिला कुमारी, रानी कुमारी, मौसम कुमारी, रिया कुमारी आदि छात्र छात्राएं शामिल होकर 3 जून को विश्व साइकिल दिवस के कार्यक्रम को सफल बनाया।