भाजपा की महाविजय संकल्प रैली आयोजित
गरीब आदिवासी और दलित समाज के लिए भाजपा सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं:प्रधानमंत्री
पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,दुमका।झारखंड की उप राजधानी दुमका स्थित हवाई अड्डा मैदान से मंगलवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित महाविजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा कई महत्वाकांक्षी योजना संथाल परगना में विकास की गाथा लिख रहा है।इससे यहां का भविष्य बदलेगा,आपकी जिंदगी बदलेगी। झारखंड को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाना है तो दुमका से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सीता सोरेन गोड्डा से निशिकांत दुबे और राजमहल से ताला मरांडी को कमल का बटन दबाकर भारी मतों से आप सभी भाइयों एवं बहनों जीतने का काम करें।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गरीब आदिवासी और दलित समाज के लिए भारत सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। अगले 5 साल में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने के साथ तीन करोड़ गरीब परिवार को पक्के मकान बनाने का लक्ष्य है यह मोदी की गारंटी है। पीएम ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस हर तरफ से लूट रही है। यहां खूबसूरत पहाड़ों की चर्चा नहीं होती है, बल्कि नोटों के पहाड़ के लिए चर्चा होती है।
पीएम मोदी ने कहा कि इतने दिनों मैं मुख्यमंत्री रहा पर इस तरह के मैंने कभी नोटों के पहाड़ नहीं देखे। पहली बार टेलीविजन पर देख रहा हूं। पीएम ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों की समस्या से आदिवासी समाज जूझ रहा है। आदिवासियों की जनसंख्या घट रही है। पीएम ने कहा कि आप सभी हमारे लिए नहीं भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आप सभी गांव के देवता का पूजा अर्चना करें।
महाविजय संकल्प रैली को झारखंड प्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, दुमका लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन, गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे एवं राजमहल लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ताला मरांडी के साथ-साथ भाजपा के कई नेताओं ने संबोधित किया।





