भारत का निर्माण झारखंड के विकास के बिना संभव नहीं: नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री ने 3883 करोड़ के 10 महत्वाकांक्षी योजनाओं का किया शिलान्यास
1876 करोड़ से शहर में बनेगी देश की पहली डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर, हुई सांसद की प्रशंसा
प्रतिनिधि,जमशेदपुर।भारत देश का झारखंड राज्य एक अभिन्न अंग है और यहां खनिज संपदाओं की भरमार है। भारत का निर्माण झारखंड राज्य के विकास के बिना संभव नहीं है। उक्त बातें केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में गुरुवार सभा को संबोधित करते हुए कही।
मौका था राज्य को सौगात देने का।इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 3883 करोड़ से बनने वाली 10 महत्वाकांक्षी योजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास भी किया,जिसमें सबसे महत्वपूर्ण योजना 1176 करोड़ से बनने वाली डबल डेकर फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर फ्लाईओवर है,जिसका विस्तार नेशनल हाईवे 33 मानगो पारडीह काली मंदिर से बालीगुमा तक होगा।इसकी कुल दूरी 10 किलोमीटर की होगी। इसके बनने से 45 मिनट का सफर सिर्फ 5 मिनट का रह जाएगा। साथ ही शहरी क्षेत्र को भारी वाहनों के दबाव से मुक्ति भी मिलेगी। इससे एनएच 2 और एनएच 6 के बीच अच्छी कनेक्टिविटी भी बनेगी। इसी तरह दूसरी परियोजना जमशेदपुर महुलिया से 44 किलोमीटर की सड़क बनेगी।इसमें टाटा स्टील का डस्ट भी उपयोग किया जाएगा।
तीसरी परियोजना में एनएच 32 हॉट गम्हरिया से बोकना हाथी चौक तक सड़क निर्माण, चौथी परियोजना में मनोहरपुर से कोलाबीरा पश्चिम और सिमडेगा तक सड़क निर्माण, पांचवीं परियोजना में भुइंया सिनान से सुसनी होते हुए हाथी खेदा मंदिर तक सड़क निर्माण, छठी परियोजना में फुलडूंगरी से झाटीझरना होते हुए बुरुडीह तक सड़क निर्माण, सातवीं परियोजना में नेशनल हाईवे 75 इलिंगगड़ा, तालाबुरु, जोड़ापोखर और बिस्टामपूर में आरओबी का निर्माण समेत अन्य दो परियोजना शामिल है।
इस अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा की सांसद गीता कोड़ा, एनएचएआई चीफ जनरल मैनेजर महादेव सिंह, सीजीएम रीजनल ऑफिस रांची एसके मिश्रा, पूर्व प्रोजेक्ट डायरेक्टर कर्नल एएस कपूर और स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के चीफ इंजीनियर अशोक कुमार दास भी मौजूद रहे।
गुरुवार की दोपहर बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आगमन पर उनका स्वागत झारखंडी परंपरा पानी के लोटे के साथ किया गया। साथ ही उनके स्वागत में मांदर की थाप पर झारखंडी नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। इस दौरान उनकी सुरक्षा में जिले की उपायुक्त विजया जाधव, एसएसपी प्रभात कुमार, एसपी सिटी के. विजय शंकर, एएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित अग्रवाल, डीएसपी साइबर क्राइम जयश्री कुजूर, एसपीजी कमांडो समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और लोग मौजूद थे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में अमेरिका के प्रेसिडेंट जॉन हेन कैनेडी की बातों को दोहराते हुए कहा कि अमेरिकन रोड इज नॉट गुड बिकाऊज अमेरिका इज रिच, बट अमेरिका इज रिच बिकाऊज अमेरिका रोड इज गुड अर्थात अमेरिका धनवान है। इसलिए उसके रास्ते अच्छे नहीं हुए। बल्कि रास्ते अच्छे हैं, इसलिए अमेरिका धनवान है। इस बात ने उनपर काफी प्रभाव डाला।उन्होंने कहा कि हमारा झारखंड राज्य खनिज और वनस्पति संपत्ति से परिपूर्ण है। हमारे देश की स्थापना होनी चाहिए। उद्योग और कैपिटल इंडस्ट्री आएंगी और जिससे रोजगार मिलेगा। अगर इंडस्ट्री लानी है तो इसमें चार बातें महत्वपूर्ण है,जिसमें वाटर, पावर, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन अहम है। साथ ही उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि 2014 में जब हमारे प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी की सरकार आई तो उस वक्त झारखंड में सिर्फ दो सौ से ढाई सौ किलोमीटर ही राजमार्ग था। मगर हमारे प्रधानमंत्री नेतृत्व में आज 4000 किलोमीटर का राजमार्ग है। उन्होंने कहा कि जब वे रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा जमशेदपुर शहर आ रहे थे तो राजमार्ग पर गाड़ियां सरपट दौड़ रही थी। पहले रांची से जमशेदपुर आने के लिए 4 से 5 घंटे का सफर तय करना पड़ता था। मगर अब 2 से ढाई घंटे में ही यह सफर पूरा हो जाता है। जबकि आगे यह सफर और कम होकर डेढ़ से 2 घंटे का हो जाएगा।
सभा को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो और सांसद गीता कोड़ा ने भी संबोधित किया। मौके पर भाजपा कार्यकर्ता जोर से सराबोर दिखे। इस दौरान कार्यकर्ता समय-समय पर भारत माता की जय, प्रधानमंत्री जिंदाबाद और नितिन गडकरी जिंदाबाद के नारे भी लगाते रहे।





