रांची।झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस और भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति दिवस को धूमधाम से मनाने का फैसला किया है।कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने जानकारी दी कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव के राजधानी रांची के डिप्टीपाड़ा आवास पर विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में जनजातीय कृतित्व सम्मान समारोह का आयोजन होगा।इस मौके पर कला-संस्कृति, भाषा-साहित्य, सामाजिक कार्य, चिकित्सा, खेलकूद, पत्रकारिता और समाज के अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले आदिवासी समाज के लोगों सम्मानित होंगे।पार्टी की तरफ से चिह्नित किए गए व्यक्तियों को आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित कर उनको सम्मानित किया जाएगा। वहीं भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति दिवस मनाने को लेकर भी शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों में होर्डिंग्स लगाये गये है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने जानकारी दी कि विश्व आदिवासी दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 राजेश्वर उरांव की अध्यक्षता और नेतृत्व में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। कार्यक्रम होने वाली जगह को आदिवासी कला-संस्कृति के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य पार्टी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ0 राजेश गुप्ता छोटू ने जानकारी दी कि भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में राजधानी रांची के मोरहाबादी बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी जायेगी और आजादी के वीर सपूतों को नमन किया जाएगा। इसके अलावा सभी जिलों में भारत छोड़ों आंदोलन की स्मृति दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।





