पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़।संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 69वीं पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पाकुड़ नगर स्थित अंबेडकर चौक पर स्थापित उनके आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पणकर नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय ने किया।इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, विवेकानंद तिवारी, सम्पा साहा, हिसाबी राय, धर्मेंद्र त्रिवेदी, रूपेश भगत, शर्मिला रजक, अनिकेत गोस्वामी, सुशील साहा, दीपक साहा, जीतू सिंह और संजीव साहा मौजूद थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर न सिर्फ संविधान के शिल्पकार थे बल्कि शोषितों वंचितों के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सामाजिक पुरोधा भी थे।
भाजपा नेता हिसाबी राय ने कहा कि पूज्य बाबा साहब भारतीय संविधान की शिल्पकार होने के साथ-साथ सामाजिक समरसता के अमर पुरोधा भी थे, जिन्होंने देश के दलितों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण और अस्पृश्यता उन्मूलन और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की लड़ाई लड़ी। भारत रत्न डॉ0 अंबेडकर ने समाज में फैली अस्पृश्यता और जातिवाद जैसी बुराइयों के खिलाफ आंदोलन किया और असमानताओं को समाप्त करने के लिए कई कदम उठाए। वे एक महान न्यायविद, समाज सुधारक और भारतीय राजनीति के अग्रणी थे। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई, जिसमें समानता,स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांत को शामिल किया जो आज भी हमारे समाज के मूल सिद्धांत हैं। आज उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें मेरा सादर नमन।





