पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।ईद-उल-अजहा बकरीद का त्योहार सोमवार को जिले भर में काफी धूमधाम से पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता व उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गढ़वा के उंचरी स्थित ईदगाह,मस्जिद,मदरसा आदि स्थानों पर पहुंचकर इस्लाम धर्मावलंबियों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
मौके पर मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि बकरीद का त्यौहार समानता और भाईचारे का संदेश देता है। यह इस्लाम धर्म का एक प्रमुख त्यौहार है। यह त्यौहार हज़रत इब्राहीम (अलैहिस्सलाम) की अल्लाह के प्रति निष्ठा और उनके बलिदान की याद में मनाया जाता है। यह पर्व त्याग और बलिदान का प्रतीक है।
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि बकरीद का महत्व केवल बलिदान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें यह भी सिखाता है कि हमें अपनी प्रिय वस्तुओं को अल्लाह के रास्ते में त्यागने के लिए तैयार रहना चाहिए। यह त्यौहार हमें परस्पर प्रेम, सद्भावना और सहायता का पाठ पढ़ाता है। यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि बलिदान और सेवा में ही सच्ची खुशी और संतोष निहित है।बकरीद का त्यौहार न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह सामाजिक और मानवीय मूल्यों को भी प्रकट करता है।यह हमें त्याग,निष्ठा और सामाजिक सेवा के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करता है।
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि बकरीद का त्यौहार वास्तव में एक ऐसा पर्व है जो हमें आपस में जोड़ता है।प्रेम,भाईचारे और इंसानियत के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।गढ़वा में गंगा जमुनी तहजीब देखने को मिलता है। यहां सभी धर्म के लोग आपस में मिल जुलकर एक दूसरे का त्यौहार मनाते हैं। वे ऊपर वाले से यही प्रार्थना करते हैं कि यहां आपसी एकता, भाईचारा एवं सद्भावना हमेशा बना रहे।
मौके पर मुख्य रूप से झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर,मदनी खान,मासूम खान,डॉ असजद अंसारी सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।





