प्रतिनिधि,चतरा। राज्य के मंत्री सत्यानन्द भोगता ने रविवार को जिला वन विभाग सभागार में मीनाक्षी नेत्रालय सेवा संस्थान, रांची एवं वन विभाग चतरा के तत्वाधान में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उदघाटन किया। शिविर में आगमन पर वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद सुमन ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मंत्री का स्वागत किया।
निःशुल्क शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री सत्यानन्द भोगता ने कहा कि वन विभाग के द्वारा इस तरह का आयोजन सराहनीय पहल है। इसके लिए मीनाक्षी नेत्रालय के चिकित्सक और वन विभाग के अधिकारी बधाई के पात्र हैं। ऐसे निःशुल्क शिविर लगाने से गरीबों को काफी सहूलियत होगी। इस तरह के शिविर समय समय पर लगने चाहिए। आज के समय में हरेक लोगों को संयमित जीवन जीना चाहिए। संतुलित आहार, शुद्ध हवा पानी भोजन का सेवन करना चाहिए ताकि बीमारियों से बचा जा सके।
उक्त कार्यक्रम में चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार, राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष नवलकिशोर यादव, जिला 20सूत्री उपाध्यक्ष प्रभुदयाल यादव, जिला परिषद सदस्य चंद्रदेव गोप, पूर्व नगर अध्यक्ष मन्दूर साहू, डॉ. विकास, डॉ चन्दन, डॉ. अभिषेक समेत कई गणमान्य मौजूद थे।





