प्रतिनिधि, लातेहार। खान सुरक्षा महानिदेशालय, रांची,कोडरमा एवं चाईबासा क्षेत्र के तत्वावधान में मगध-संघमित्रा अंतर्गत मगध परियोजना में 66वां वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह 2023 शुरू हुआ। परियोजना पदाधिकरी एस. सत्यनारायणा द्वारा परियोजना कार्यालय परिसर में सुरक्षा ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। खनन गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा संस्कृति का पालन करने के लिए सेफ्टी ऑफिसर एसएन प्रसाद द्वारा सभी को सुरक्षा शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर परियोजना पदाधिकरी ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस उत्सव का मूल उद्देश्य खदान श्रमिकों के साथ-साथ अधिकारियों के बीच सुरक्षा की संस्कृति को बढ़ावा देना एवं विभिन्न स्तरों पर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देना और बिना दुघर्टना सुरक्षित उत्पादन करना है।
मौके पर खान प्रबंधक मो० अकरम ने अपने सम्बोधन में कहा कि कोयला खदानों में हर साल वार्षिक खान सप्ताह मनाने का जो कार्यक्रम खान सुरक्षा महानिदेशालय के दिशा निर्देश पर किया जाता है वह काफी सराहनीय है। सुरक्षा जीवन का मूल मंत्र है। सेफ्टी ऑफिसर एसएन प्रसाद ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि 66वां वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह 15 दिसंबर 2023 से 24 दिसंबर 2023 तक चलेगा, जिसमे प्रत्येक दिन परियोजना में विभिन्न प्रकार की सुरक्षा से संबन्धित कार्यक्रम आयोजित की जाएगी।
इस मौके पर परियोजना पदाधिकारी, खान प्रबंधक, सेफ्टी ऑफिसर सहित परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि सहित परियोजना के विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।





