मदर्स इंटरनेशनल स्कूल में इन्वेस्टीचर सेरेमनी आयोजित





संयम और अनुशासन हमारे जीवन में जरूरी : हर्ष नाथ मिश्रा





विशेष संवाददाता,रांची। संयम और अनुशासन हमारे जीवन के लिए जरूरी है। इससे जीवन के कर्तव्य पथ पर आने वाली सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं। यदि हम संयम के अनुशासन के अनुसार नहीं चलेंगे तो सफलता हासिल नहीं कर सकते हैं। उक्त बातें सीसीएल के कार्मिक निदेशक हर्ष नाथ मिश्रा ने ब्राम्बे के जाहेर ग्राम स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इन्वेस्टीचर सेरिमनी में बतौर मुख्य अतिथि कही।





उन्होंने कहा कि संयम और अनुशासन दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। यह एक ऐसी नाव है जो हमें निर्बाध गति से सफलता के द्वार तक पहुंचा देती है।उन्होंने कहा कि संयम की पाठशाला का छात्र जीवन की सभी परीक्षा में हमेशा अच्छे अंक प्राप्त कर उतीर्ण होता है। उसका जीवन सुखमय बना रहता है। इसके विपरीत जो संयम और धैर्य की डोर को छोड़ देते हैं, उनका जीवन कटी पतंग जैसा हो जाता है,जिसकी कोई मंजिल नहीं होती और कभी गंतव्य तक नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में संयम को अंगीकृत कर हमेशा श्रेष्ठ मानव बनने की दिशा में प्रयासरत रहना चाहिए।





समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित महाप्रबंधक, सीसीएल (सीएसआर) लाडी बालाकृष्ण ने कहा कि सकारात्मक सोच ही हमारे जीवन के गंतव्य की दिशा और लक्ष्य निर्धारित करता है।सकारात्मक विचार दिव्य ऊर्जा के स्रोत हैं। इसलिए अपने अंदर सकारात्मकता का विकास करें और नकारात्मकता से दूर रहें। सदा अच्छा सोचें, अच्छा देखें और अच्छा ही बोलें।





कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मेजर जीएस सलूजा ने कहा कि मानव जीवन में संयमित और मधुर वाणी का काफी महत्व है। हमारी बोली ही हमारे व्यक्तित्व और आचरण का परिचय कराती है। वाणी व्यक्ति का अमूल्य आभूषण होता है। इसके अनर्गल प्रयोग (दुरुपयोग) से व्यक्ति के व्यक्तित्व की आभा फीकी हो जाती है।वाणी की शक्ति मनुष्य को ईश्वर का दिया हुआ अनुपम उपहार है। इस पर संयम रखना जरूरी है।





कार्यक्रम में सीसीएल के मुख्य प्रबंधक एसएस लाल भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हर्ष नाथ मिश्रा द्वारा स्कूल कैप्टन के रूप में राहुल कुमार, वॉइस कैप्टन के रूप में अमरेंद्र कुमार तथा स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में अक्षत दास को शपथ ग्रहण कराया गया। मुख्य अतिथि ने छात्रों को अनुशासन के नियमों का पालन कर प्रगति करने का संदेश दिया।





विद्यालय के प्रबंध निदेशक अंबुज कुमार झा ने सबों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सीसीएल के सौजन्य से सीएसआर प्रोग्राम के तहत दस बच्चों का इस विद्यालय में नामांकन हुआ है, वे भविष्य में सीसीएल का नाम रोशन करेंगे।





कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या डॉ. रोमी झा ने विद्यालय की शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों से अवगत कराया।उन्होंने सीएसआर के तहत सीसीएल प्रबंधन द्वारा मदर्स इंटरनेशनल स्कूल को किए गए सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।