प्रतिनिधि,जमशेदपुर। मानगो थाना अंतर्गत टीचर्स कॉलोनी मैदान में इकट्ठे होकर अपराधिक योजना बनाते 5 अपराधियों को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने इनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किया है।
गिरफ्तार अपराधियों में बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 5 निवासी अमन पाठक, बागबेड़ा रामनगर रेलवे स्कूल के पीछे रहने वाला अंकित कुमार शर्मा उर्फ जादू, मानगो टीचर्स कॉलोनी मूर्ति लाइन दिनेश दुबे के घर में किराएदार विशाल कुमार उर्फ राहुल कुमार तिवारी उर्फ छेछे, टीचर्स कॉलोनी शिव मंदिर के पास रहने वाला अनुराग जायसवाल उर्फ बूढ़ा और टीचर्स कॉलोनी निवासी रॉनित सिंह उर्फ रॉनी शामिल है।गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, तीन देसी कट्टा, 7.65 एमएम का एक कारतूस, 315 बोर के तीन कारतूस, 12 बोर का एक कारतूस, 315 बोर के दो खोखे, स्प्लेंडर बाइक और स्कूटी बरामद की है।
मामले का खुलासा शुक्रवार एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। मौके पर मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसएसपी ने बताया कि मानगो थाना की पुलिस को टीचर्स कॉलोनी मैदान में कुछ अपराधियों के इकट्ठा होने की गुप्त सूचना मिली और जो क्षेत्र में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले थे,जिसके बाद इसकी सूचना मुझे प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही बिना विलंब किए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। सूचना का सत्यापन करते हुए गठित पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी के दौरान 5 अपराधियों को धर दबोचा,जिससे अपराधियों की मंशा नाकाम हो गई। गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल पुलिस ने थाने में सभी अपराधियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर न्यायिक विरासत में भेज दिया है।





