दुमका।झारखंड के दुमका के भालकी गांव में पेट्रोल कांड की शिकार छात्रा मारुति कुमारी का शव शनिवार सुबह रिम्स से गांव पहुंचा।शव पहुंचते ही लोग गम और गुस्से से भर उठे। लोगों ने शनिवार की सुबह 10.30 बजे मारुति कुमारी के शव को नोनीहाट चौक पर रखकर दुमका-भागलपुर मार्ग को जाम कर दिया। चार घंटे तक लोग सड़क पर प्रदर्शन करते रहे।





जाम कर रहे लोगों में भारी संख्या में महिलाएं भी थीं। महिलाएं मांग पर अड़ी थीं कि हत्यारोपी राजेश राउत को जामस्थल नोनीहाट में उन लोगों के हवाले किया जाए। मारुति को जिस तरह से राजेश राउत ने जलाया है, उसी तरह उसे भी मारुति के शव के साथ जलाया जाए, जबकि कुछ लोग मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपए का मुआवजा और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से आरोपी राजेश राउत को फांसी देने की मांग कर रहे थे।





आक्रोशित लोगों को भारतीय जनता पार्टी के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने भी समझाने का प्रयास किया। साथ ही आश्वासन दिया कि एक माह में आरोपी को फांसी की सजा दिलाने का प्रयास होगा, लेकिन सांसद के कहने पर भी लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। अंतत: शव का अंतिम संस्कार समय पर करने की स्थानीय लोगों की अपील के बाद लोग शांत हुए और दोपहर 2.30 बजे जाम हटाया।आपको बता दें कि जरमुंडी के भालकी गांव में शादी से मना करने पर पेट्रोल डालकर जला दिया गया था। रिम्स पहुंचते ही पीड़िता ने दम तोड़ दिया था।





मारुति का शव गांव आने पर गम व गुस्से का माहौल





भालकी गांव के भरतपुर टोला में सुबह करीब 6.30 बजे जब मारुति कुमारी का शव रिम्स के एम्बुलेंस से पहुंचा तो शव देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। 19 वर्षीय मारुति कुमारी इस गांव की नतिनी थी। बचपन से ही अपने नाना किशन राउत के घर में रह कर पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार रात राजेश राउत ने पेट्रोल से जला कर उसकी हत्या कर दी थी।





मारुति कुमारी की शुक्रवार को रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। रांची में ही उसके शव का पोस्टमार्टम किया गया और सुबह शव को उसके मामा घर भालकी भरतपुर लाया गया। मारुति कुमारी की हत्या की घटना से गांव के लोग काफी दुखी थे। गांव में जब से यह सूचना आई थी कि मारुति की मौत हो गई है, गांव में मातम पसरा हुआ था। जब शव आया तो लोग फफक-फफक कर रो रहे थे। गम के साथ ग्रामीणों में गुस्सा भी था।





भाजपा सांसद ने दी आर्थिक सहायता





गोड्डा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने अपने लोकसभा क्षेत्र के भालकी गांव के भरतपुर टोला में पेट्रोल से जला कर मार दी गई छात्रा मारुति कुमारी के परिजनों से मिलने पहुंचे। सांसद ने पीड़िता के परिवार को मौके पर ही 2 लाख रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता देते हुए कहा कि दुमका की दो अन्य महिला हिंसा के पीड़ितों के परिजनों को जिस तरह से हम लोगों ने 28-28 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी है, उतनी ही राशि इस परिवार को भी दी जाएगी।