मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा महोत्सव में हुए शामिल
भगवान जगन्नाथ,भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा अर्चना कर राज्यवासियों की सुख शांति,समृद्धि और उन्नति की कामना की,जनता को दी रथ यात्रा की बधाई व शुभकामनाएं
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रविवार को ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा महोत्सव में शामिल हुए।इस अवसर पर आयोजित पूजन अनुष्ठान कार्यक्रम में शामिल होकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सीएम सोरेन ने भगवान जगन्नाथ,भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा अर्चना कर राज्यवासियों की सुख शांति,समृद्धि और उन्नति की कामना की।सीएम ने राज्य की समस्त जनता को रथयात्रा की बधाई और शुभकामनाएं दी। सीएम ने आस्था और भक्ति के समागम में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं के साथ जय जगन्नाथ के जयकारे लगाए और रथ की रस्सी को हाथ लगाकर भगवान जगन्नाथ,भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को मौसीबाड़ी के लिए आगे बढ़ाया।
ऐतिहासिक रथ यात्रा के अवसर पर आयोजित पूजा अनुष्ठान में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ,विधायक कल्पना सोरेन, विधायक नवीन जायसवाल,विधायक राजेश कच्छप,झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर,पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और झामुमो के विनोद पांडेय सहित अन्य गणमान्य शामिल हुए।





