प्रतिनिधि,जमशेदपुर।अंतरराज्यीय डकैत गिरोह का मुख्य सरगना रहीन खान उर्फ बड़कू मुसाबनी थाना अंतर्गत बदिया गांव में रहता है और उसने उसी गांव में बीते 14 मार्च की रात्रि छवि पुष्टी के घर में डकैती की घटना को अंजाम दे दिया। घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने मुसाबनी डीएसपी के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया।





गठित पुलिस टीम ने अनुसंधान के क्रम में घटना को पारित करने वाले मुख्य सरगना समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें डकैती का माल खरीदने वाला सोनार भी शामिल है। मुसाबनी बदिया गांव निवासी गिरोह का सरगना रहीम खान उर्फ बड़कू, पश्चिम बंगाल झाड़ग्राम राधानगर निवासी शेख हासिम उर्फ सोना, सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला स्वर्णपूर निवासी चंदू मुखी, गोविंद कालिंदी उर्फ गोगो, पोटका सानग्राम निवासी अभिषेक डे उर्फ मिथुन, मुसाबनी बदिया गांव का रहने वाला दीपांकर सेन उर्फ शेरा, सिदगोड़ा बागुनहातु रोड नंबर 5 निवासी राजा नामता व भाई अरूण नामता और सिदगोड़ा एग्रिको रोड नंबर 3 का रहने वाला सोनार मनीष प्रसाद शामिल है।





गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, 26 जिंदा कारतूस, चाकू, 78.62 ग्राम गलाया हुआ सोना, 4 पीस सोने की अंगुठी, एक पीस सोने का लॉकेट, एक जोड़ा सोने का कान का टॉप्स, एक पीस ब्रेसलेट समेत नकद 2.15 लाख रुपए, एक बाइक और 11 मोबाइल बरामद किया है।





मामले का खुलासा सोमवार पुलिस ऑफिस में एसएसपी प्रभात कुमार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर किया। मौके पर ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुनायत भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसएसपी ने बताया कि सभी डकैत अंतरराज्यीय गिरोह के हैं और गिरोह का सरगना रहीम खान उर्फ बड़कू है। इनकी गिरफ्तारी से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई 15 लूट और डकैती के घटना का उद्भेदन हुआ है,जिसमें से कोवाली, घाटशिला के तीन मामले, पोटका के 4 मामले, झाड़ग्राम के तीन मामले, आजादनगर, गुड़ाबंदा और जादूगोड़ा के तीन मामले का उद्भेदन हुआ है।





एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि डकैतो के मुख्य सरगना बड़कू कुल 19 मामले में चार्जशीटेड है। साथ ही 10 मामले में उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी निकला हुआ था। शहर के अलावा पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में भी उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। इन मामलों में चोरी, हत्या, लूट, डकैती, गृहभेदन और अपहरण जैसे मामले शामिल है। वह वर्षों से अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा है। जबकि जिले में वह पहली बार पुलिस क हत्थे चढ़ा है,जिसके बाद ही सभी जानकारी पुलिस को हाथ लगी है।





गठित टीम में ग्रामीण एसपी के अलावा मुसाबनी डीएसपी चंद्रशेखर आजाद, अंचल निरीक्षक मनोज कुमार मल्लिक, साकची थाना प्रभारी संजय कुमार, गोलमुरी थाना प्रभारी राजीव रंजन, जादूगोड़ा थाना प्रभारी संजीव कुमार, बहरागोड़ा थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, कोवाली थाना प्रभारी रंजीत उरांव, मुसाबनी थाना प्रभारी राजा दिलावर, पोटका थाना प्रभारी रविंद्र मुंडा, गुड़ाबंदा थाना प्रभारी प्रिनन, उलीडीह थाना प्रभारी विनोद टुडू समेत ससस्त्र पुलिस बल शामिल थी।