प्रतिनिधि,जमशेदपुर।झारखंड बोर्ड की मैट्रिक और इंटर बोर्ड की परीक्षा को लेकर जिले में प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है।गुरुवार उपायुक्त विजया जाधव ने समाहरणालय सभागार में बैठक कर परीक्षा के सफल संचालन को लेकर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए है।





बैठक में एसपी (ग्रामीण) मुकेश कुमार लुनायत, एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर दीपू कुमार, एसडीओ घाटशिला सत्यवीर रजक, डीईओ निर्मला बरेलिया, डीपीआरओ रोहित कुमार, डीएसई निशु कुमारी, सभी बीडीओ, सीओ, एसडीओ (शिक्षा) आशीष पांडेय समेत धालभूम अनुमंडल के केन्द्राधीक्षक मौजूद रहे।





10वीं की परीक्षा 14 मार्च से शुरू होने जा रही है और 3 अप्रैल तक चलेगी। इसी तरह इंटर की परीक्षा 14 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक चलेगी। वहीं परीक्षा के सफल संचालन को लेकर 46 जोनल दंडाधिकारी और 101 स्टैटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी परीक्षा केन्द्रों में विधि व्यवस्था के बेहतर संधारण को लेकर दंडाधिकारी के साथ साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी रहेगी। बैठक में डीईओ ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी भी दी।





इस दौरान उपायुक्त ने भी जैक बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करने की बात कही। धालभूम अनुमंडल में 10वीं बोर्ड के लिए 47 परीक्षा केन्द्र और इंटर के लिए 19 केंद्र होंगे। वहीं घाटशिला अनुमंडल में 10वीं के लिए 25 और इंटर के लिए 10 परीक्षा केन्द्र होंगे। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक। 10वीं की परीक्षा और दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से संध्या 5 बजे तक इंटर की परीक्षा आयोजित होगी।इस वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षा में पूरे जिले से 26237 परीक्षार्थी और 12 वीं में 24702 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।





बैठक में उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों से कहा कि किसी भी स्थिति में कदाचार की सूचना नहीं मिलनी चाहिए। औचक निरीक्षण के दौरान अगर कदाचार करते परीक्षार्थी पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के लिए नियुक्त स्टेटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट विभागीय निर्देशों के अनुरूप कदाचार मुक्त ढंग से परीक्षा का संचालन कराएंगे। परीक्षा केंद्रों में कार्य करने वाले पदाधिकारी व अन्य कर्मचारियों का आईडी कार्ड होना जरूरी है। किसी भी परिस्थिति में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश परीक्षा केंद्रों पर न हो। अगर ऐसा होता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी परीक्षा केन्द्रों में पेयजल और ओआरएस घोल रखने का निर्देश भी दिया गया है। किसी भी परीक्षा केन्द्र में बेंच डेस्क, शौचालय, बिजली, पेयजल आदि की समस्या हो तो तत्काल संबंधित बीईईओ से संपर्क कर इसे दुरुस्त कराने का निर्देश भी उन्होंने दिया है।