जमशेदपुर।बिरसानगर जोन नंबर 3 में मछली मंडी के पास सुबह भोर में 4.30 बजे ब्राउन शुगर के धंधे से जुड़ा हुआ 22 वर्षीय अनिकेत तिवारी की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई।हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है।अनिकेत कई दिनों से फरार चल रहा था और पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई थी।अनिकेत की हत्या उस जगह पर हुई जहां पर वो अड्डेबाजी करता था।

इस घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एम. तमिल वाणन और बिरसानगर इंस्पेक्टर तरुण कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।इस दौरान अनिकेत की माता ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की तो वही शव उठाते समय अनिकेत के पिता ने पुलिस से हाथ जोड़ कर हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने और उसे सजा देने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस हथियार की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक देर रात हत्या वाली जगह पर कुछ कहासुनी और मारपीट की सूचना पुलिस को मिली है, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर सबकुछ शांत हो गया था और कहीं कुछ दिखाई नहीं दिया।



इसके बाद पुलिस लौट गई थी। सुबह में हत्या की जानकारी मिली। एसएसपी वाणन ने कहा कि रात किसके साथ कहासुनी हुई थी, पुलिस पता लगा रही है। रात में हुए विवाद के बाद ही अनिकेत उर्फ नन्हा की चाकू से हत्या कर दी गई।