लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गांव तथा जिले की सरकार चुने जाने के बाद अब ब्लाॅक की सरकार के चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।यूपी में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन लखीमपुर खीरी में एक बहुत शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के पसगवां ब्लाॅक में ब्लाॅक प्रमुख चुनाव के नामांकन में जमकर बवाल हुआ। सपा ब्लाॅक प्रमुख प्रत्याशी रीतू सिंह को भाजपाइयों ने नामांकन नही करने दिया। ब्लाॅक के अंदर जा रहीं प्रत्याशी रीतू सिंह की प्रस्तावक अनीता को सड़क से खींच लिया और साड़ी खीची मारपीट की। इतना ही नही सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष क्रांति कुमार सिंह को गेट से खींच लाए। भाजपाइयों ने उनको बंधक बनाने की कोशिश की। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और धौरहरा से सांसद रेखा वर्मा के समर्थक रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए सरकार पर जोरदार हमला बोला। प्रियंका ने इस मामले से जुड़ा एक वीडियो ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर जोरदार हमला बोला।प्रियंका ने अपने ट्वीट में सीएम और पीएम से 4 सवाल किए हैं।
कितनी जगह बमबाजी, गोलीबारी, पत्थरबाजी की कितने लोगों का पर्चा लूटा कितने पत्रकारों को पीटा कितनी जगह महिलाओं से बदतमीजी की।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखीमपुर की घटना को लेकर योगी सरकार पर हमलावर होते हुए घटना का वीडियो ट्वीट किया है।अखिलेश ने कहा है कि चुनाव जीतने के लिए बीजेपी नारी का अपमान करने पर तुली हुई है। अखिलेश ने वीडियो में शामिल लोगों को योगी के गुंडे कहकर संबोधित किया है। सपा का आरोप है कि आरओ के सामने अंदर घुसे भाजपाई परचे को छीन ले गए और फाड़ दिया। प्रत्याशी को भी पीटा गया। उसके कपड़े फट गए। ये सब पुलिस के सामने होता रहा।पुलिस पर आरोप है कि बवाल करने वाले को रोकने की कोशिश नहीं की।सपा ब्लाॅक प्रमुख प्रत्याशी की कार को रास्ते में भाजपाइयों ने घेर ली और बाद में पहुंची पुलिस प्रत्याशी को ब्लाक न ले जाकर थाने ले गई।इस बीच तीन बज गए और रीतू सिंह का नामांकन नहीं हो पाया। आपको बताते चले कि लखीमपुर खीरी के अलावा प्रदेश के सीतापुर, अंबेडकरनगर, मऊ, जौनपुर और फतेहपुर जिलों में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मल्लयुद्ध हुआ। सीतापुर में तो कई राउंड फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। फतेहपुर में पुलिस ने लाठीचार्ज की। अधिकतर जिलों में बवाल के बाद ही नामांकन हो पाया।





