झांसी।इंसानों के साथ-साथ अब उत्तर प्रदेश के चूहे भी नशेड़ी हो गए हैं।थोड़ी नहीं बल्कि लाखों रुपए की शराब गटक गए। पूरा मामला झांसी जिले के रेलवे पुलिस थाने से सामने आया है।मामला अब सोशल मीडिया से लेकर मीडिया तक सुर्खियों में छाया है।चूहों द्वारा लाखों रुपए की शराब गटने यह खुलासा तब हुआ जब एक सामान की तलाश में मालखाने के दरवाजे खोले गए।
मिली जानकारी के मुताबिक राजकीय रेलवे पुलिस थाने के मालखाने में जब्त की गई लगभग 1 लाख रुपए की शराब चूहे गटक गए हैं।विभिन्न मामलों में पकड़ी जाने वाली शराब को जीआरपी थाने के मालखाने में रखा जाता है। कई ऐसे मामले हैं जिनमें वर्षों तक निस्तारण नहीं हो पाया और शराब के सभी पीपे मालखाने में ही बंद पड़े रहे।
कुछ दिन पहले जब एक मामले का निस्तारण हुआ और संबंधित व्यक्ति का सामान लौटाने के लिए मालखाने को खोला गया, तो मालखाने में से शराब की दुर्गंध आ रही थी। जब सिपाहियों ने इसका कारण पता लगाना शुरू किया, तो पता चला कि चूहों ने शराब के पीपे कुतर दिए थे। जिससे लगभग 1 लाख रुपए की जब्त शराब का नुकसान होने के बाद चूहों के शराब पीने की बात झांसी में चर्चा का विषय बन गया।
जीआरपी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि चूहों ने बरामद की गई शराब को काटकर बर्बाद कर दिया है। इसके साथ ही अन्य कई चीजों को भी नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल मालखाने की सफाई करवा कर चीजों को व्यवस्थित कर दिया गया है।





