लखनऊ।लखीमपुर खीरी जिले के निघासन कोतवाली क्षेत्र में अपहरण के बाद दुष्कर्म कर दो दलित बेटियों की हत्या के मामले को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर हमलावार है।समाजावादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस के बाद अब बहुजन समाज पार्टी की मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंंह और प्रसपा मुखिया शिवपाल यादव ने योगी सरकार की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
बसपा मायावती ने ट्वीट कर लिखा कि लखीमपुर खीरी में मां के सामने दो दलित बेटियों का अपहरण और दुष्कर्म के बाद उनके शव पेड़ से लटकाने की हृदय विदारक घटना सर्वत्र चर्चाओं में है, क्योंकि ऐसी दुखद और शर्मनाक घटनाओं की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम. यूपी में अपराधी बेखौफ हैं क्योंकि सरकार की प्राथमिकताएं गलत है।
बसपा मुखिया मायावती योगी सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि, यह घटना यूपी में कानून-व्यवस्था व महिला सुरक्षा आदि के मामले में सरकार के दावों की जबर्दस्त पोल खोलती है। हाथरस सहित ऐसे जघन्य अपराधों के मामलों में ज्यादातर लीपापोती होने से ही अपराधी बेखौफ हैं। यूपी सरकार अपनी नीति, कार्यप्रणाली व प्राथमिकताओं में आवश्यक सुधार करे।
प्रसपा मुखिया शिवपाल यादव ने योगी सरकार पर हमला बोलते होते हुए कहा कि लखीमपुर खीरी के निघासन थाना क्षेत्र में दो दलित बेटियों का अपहरण व दुष्कर्म के बाद उनके शव को पेड़ से लटकाने की नृशंस घटना दुर्भाग्यपूर्ण व हृदय विदारक है। ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़ा करती हैं। दोषियों के खिलाफ त्वरित,पारदर्शी व कड़ी कार्रवाई करे सरकार।
राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंंह ने ट्वीट कर कहा कि लखीमपुर खीरी ने फिर रुला दिया। ऐसे जघन्य अपराध झकझोर देते हैं, समाज को शर्मसार करते हैं।
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया कि लखीमपुर (उप्र) में दो बहनों की हत्या की घटना दिल दहलाने वाली है।परिजनों का कहना है कि उन लड़कियों का दिनदहाड़े अपहरण किया गया था।प्रियंका ने सवाल किया कि रोज अखबारों व टीवी में झूठे विज्ञापन देने से कानून व्यवस्था अच्छी नहीं हो जाती।आखिर उप्र में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध क्यों बढ़ते जा रहे हैं।कब जागेगी सरकार।
आपको बता दें कि लखीमपुर खीरी जिले के निघासन कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर दलित दो सगी बहनों का बाइक सवार युवकों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद उनके शव पेड़ से लटके मिले थे। दोनों बहनों से दुष्कर्म की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।घटना के बाद से लोगों में आक्रोश हैं। शासन के निर्देश पर आइजी रेंज लखनऊ लक्ष्मी सिंह ने निघासन पहुंचकर पीड़ित परिवार और गांव वालों से घटना की जानकारी ली थी।





