रांची। सूबे की राजधानी रांची में गरम कपड़ा बेचने वाले चार कश्मीरी युवकों को निशाना बनाया गया। डोरंडा थाना क्षेत्र के कडरू ओवरब्रिज पर शनिवार की सुबह 10:30 बजे 20-25 युवकों ने राड व ईंट-पत्थर से कश्मीरी युवकों पर हमला कर लूटपाट भी की।हमले में रियाज अहमद वानी, तनवीर अहमद साह, सरफराज अहमद वानी और गुलाम अहमद वानी घायल हो गए।

राड से वार किए जाने की वजह से हेलमेट भी चकनाचूर हो गया।इधर आरोपी युवकों के परिजनों और पुलिस का कहना है कि विवाद रोड से रिक्शा हटाने को लेकर हुआ, जिसे अलग रूप दिया जा रहा है।

आपको बता दें कि राजधानी रांची में कश्मीरी युवकों पर ये पांचवीं बार हमला किया गया है़ घटना के बाद सभी घायल डोरंडा थाना पहुंचे।

घायल रियाज अहमद वानी ने डोरंडा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।आरोप है कि हमलावर उन पर धार्मिक और पाकिस्तान विरोधी नारेबाजी करने का दबाव डाल रहे थे।डोरंडा पुलिस ने तीनों आरोपियों दीपक झा, तरुण कुमार और अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया है।

घायल रियाज अहमद वानी का आरोप है कि कुछ युवकों ने कंबल, अन्य गरम कपड़े व पैसे लूट लिए। डोरंडा के पारस टोली, रिसालदार नगर, मेन रोड, हिंदपीढ़ी में लगभग 300 कश्मीरी युवक रहते हैं और राजधानी के विभिन्न इलाकों में घूम-घूम कर गरम कपड़े बेचते हैं।

घटना के बाद डोरंडा में विरोध में लोग सड़क पर बैठ ग‌ए और जाम कर दिया़।ये लोग हमलावरों पर कार्रवाई करने और कश्मीरी युवकों की सुरक्षा की मांग कर रहे थे।रांची पुलिस के कई डीएसपी और कई थाना के प्रभारी डोरंडा थाना पहुंचकर लोगों को समझाया।

गिरफ्तार युवक तरुण कुमार के भाई राकेश रंजन का कहना है कि कश्मीरी युवक कडरू ब्रिज के नीचे संकरी गली में रोड के बीच में रिक्शा लगाये हुए थे। बाइक से वहां पहुंचे उनके भाई द्वारा उसे हटाने के लिए कहने पर विवाद हुआ।उसके बाद कश्मीरी युवकों ने डोरंडा से कुछ युवकों को बुला लिया। दोनों ओर से मारपीट हुई।अब मामले को अलग रंग दिया जा रहा है।