प्रतिनिधि,चतरा। चतरा प्रखंड के राजद नेता सह प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष उपेंद्र दांगी के 21 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार की नगर क्षेत्र के धंगरतोली मुहल्ले स्थित उनके नवनिर्मित आवास में शनिवार की देर रात संदिग्ध मौत हो गई। मृतक का पैतृक आवास सदर प्रखंड के दमदोइया पंचायत के दमदोइया गांव में है। परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई,जब प्रतिदिन की भांति पुत्र का हाल चाल जानने के लिए उनके पिता उपेंद्र दांगी ने पुत्र को फोन किया। घंटो फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो परिजन चतरा स्थित नवनिर्मित आवास पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की गई,परंतु सफलता नहीं मिली। अंत में दरवाजा को तोड़ दिया गया। स्थानीय सदर थाना पुलिस के सहयोग से बेसुध अवस्था में बेड पर पड़े युवक ऋतिक को आनन फानन में सदर अस्पताल चतरा में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सको ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता उपेंद्र दांगी ने पुत्र के मित्रों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि करीब दो माह पूर्व उसके पुत्र की ऋषभ नाम के युवक के साथ किसी युवती के प्रेम प्रसंग को लेकर मारपीट हुई थी। मामला थाना पहुंचा था। बाद में समझौता के पश्चात मामले का पटाक्षेप हो गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार की देर रात भी वह अपने 8- 10 मित्रों के साथ ही खाना पीना कर रहा था। फिर रात में निवास स्थान पर लौटने के बाद उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी युवक को गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं अस्पताल में युवक के मृत्यु की सूचना के बाद परिजनों ने बिलाप शुरू कर दिया।
अस्पताल में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।इस दौरान अस्पताल परिसर में चतरा के एसडीपीओ अविनाश कुमार व सदर थाना प्रभारी मनोहर करमाली मौजूद रहे। दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलने के बाद सूबे के मंत्री सत्यानंद भोक्ता मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर उनके दुख में सम्मिलित हुए। उन्होंने प्रशासन को इस घटना की जल्द से जल्द जांच करने का आदेश दिया। वहीं पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं। सिविल सर्जन के निर्देश पर अस्पताल में मृत्यु के कारण का पता लगाने के लिए एक बोर्ड गठित किया गया है। बोर्ड में डॉक्टर आशीष कुमार, डॉक्टर मनीष कुमार लाल व डॉक्टर राहुल को रखा गया है। तीनों चिकित्सक मिलकर पोस्टमार्टम करेंगे। उसके बाद बताएंगे ऋतिक के मृत्यु की क्या वजह है।





