रामनवमी पूजा महासमिति के अध्यक्ष चुने गए पप्पू यादव
पप्पू यादव ने हिमांशु उर्फ हनी पर 4 मतों की बढ़त दर्ज कर जीत की हासिल
प्रतिनिधि,चतरा। रामनवमी पूजा महा समिति के अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर रविवार को नगर परिषद के पत्थल दास मंदिर में बैठक हुई। बैठक में रामनवमी पूजा समिति के नगर परिषद क्षेत्र के 30 रामनवमी अखाड़ों के अध्यक्ष व सचिव व राम भक्त शामिल हुए।
महासमिति के अध्यक्ष पद के लिए केसरी चौक निवासी हिमांशु उर्फ हनी व लाइन मोहल्ला निवासी पप्पू यादव ने प्रत्याशी के लिए अपना नाम पेश किया। चुनाव पर्यवेक्षक शंकर प्रसाद सोनी और गोपाल प्रसाद ने दोनों का नामांकन लिया। शहर के 30 अखाड़ों के अध्यक्ष व सचिव ने गुप्त मतदान किया।
गुप्त मतदान में पप्पू यादव को 32 वोट मिले, जबकि हिमांशु उर्फ हनी को 28 वोट मिले। इस तरह पप्पू यादव ने हिमांशु उर्फ हनी को 4 मतों से पराजित कर दूसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।मौके पर महासमिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पप्पू यादव का सभी अखाड़ों के अध्यक्ष-सचिव ने माला पहनाकर कर स्वागत किया।
जीत दर्ज करने के बाद पप्पू यादव ने सबसे पहले पत्थर दास मंदिर, केसरी चौक महावीर मंदिर और ग़न्दौरी मंदिर में मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। उन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ शहर का भ्रमण भी किया। इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष सुदेश कुमार उर्फ फंटूश, महरू यादव सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने पप्पू यादव के अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।





