लखनऊ।राजधानी लखनऊ में रिकॉर्ड बारिश ने एक दिन के भीतर तबाही मचा दिया है।राजधानी के अधिकतर क्षेत्रों में बिजली गुल रही।शुक्रवार की सुबह तीन बजे से कमिश्‍नर और नगर आयुक्‍त स्थिति का जायजा लेने निकले हैं।स्थिति को देखते हुए कमिश्‍नर डॉ. रोशन जैकब ने जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी, मान्‍यता प्राप्‍त और निजी स्‍कलों को शुक्रवार को बंद रखने का आदेश दिया है।सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों को भी बंद किया गया है। प्रशासन ने लोगों को घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी है।विश्‍वविद्यालयों और अन्‍य उच्‍च शिक्षण संस्‍थाओं को भी सलाह दी गई है। विश्‍वविद्यालयों में अवकाश का निर्णय कुलपति अपने स्‍तर पर लेंगे।





गुरुवार आधी रात से शुरू हुई भारी बारिश से राजधानी लखनऊ के कई क्षेत्रों में पानी भर गया।हादसे से बचने के लिए तमाम क्षेत्रों में बिजली काटनी पड़ी।जगह-जगह से नगर निगम कंट्रोल रूम में पानी भरने की सूचना आने लगी तो सुबह 3 बजे कमिश्‍नर डॉ.रोशन जैकब और नगर आयुक्‍त इंद्रजीत सिंह समेत तमाम बड़े अधिकारी भ्रमण पर निकल पड़े। रिवर बैंक‍ कॉलोनी शक्तिनगर, त्रिवेणी नगर समेत कई क्षेत्रों में अधिकारियों ने घूमकर स्थिति जायजा लिया।पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का काम युद्धस्‍तर पर चल रहा है। प्रशासन ने लोगों को बहुत आवश्‍यक न होने पर घरों में ही रहने की सलाह दी है।





भारतीय मौसम विभाग ने कल गुरुवार को ही भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था।आईएमडी की सैटेलाइट इमेज में लखनऊ के ऊपर घने बादलों का जमावड़ा दिखा था। सुबह-सुबह जारी डीएम सूर्यपाल गंगवार द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि भोर में 3:45 पर नगर आयुक्‍त से मिली सूचना के आधार पर 16 सितम्‍बर को सभी बोर्ड्स के बारहवीं तक के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी सरकारी, गैर सरकारी और प्राइवेट स्‍कूलों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।उन्‍होंने विद्यालयों को वाट्सएप आदि के जरिए अभिभावकों को तत्‍काल यह जानकारी उपलब्‍ध कराने का भी निर्देश दिया।





शहर के निचले हिस्‍सों में भरा पानी,उफनाए नाले





आपको बता दें कि लगातार हो रही बारिश की वजह से राजधानी लखनऊ के निचले क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया है।कई क्षेत्रों में नाले उफनाने से गलियों में पानी ही पानी भरा हुआ है।कई क्षेत्रों में नाले उफान पर हैं। बारिश और तेज हवा से कुछ क्षेत्रों में पेड़ और होर्डिंग गिर गए हैं।





3 डिग्री तक लुढ़का राजधानी का पारा





गुरुवारा को भी सुबह से शाम तक राजधानी लखनऊ में रुक-रुककर बारिश होती रही।पारा तीन डिग्री तक लुढ़क गया। बिजली गुल हो गई।सड़कों पर जगह-जगह जाम लग गया। लोगों को भारी दिक्‍कतों का सामना करना पड़ा।कई स्‍कूलों ने कल ही बारिश को देखते हुए दो दिन की छुट्टी कर दी है।रात आठ बजे तक लखनऊ में 30 मिमी बारिश हुई।