धनबाद। एसएसपी संजीव कुमार के आदेश के बाद बैंक मोड़ पुलिस ने गैंग्स ऑफ वासेपुर के खिलाफ तगड़ा शिकंजा कस दिया है।बैक मोड़ थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने पुलिस टीम के साथ वासेपुर नीचे मुहल्ला स्थित प्रिंस खान के दफ्तर पर दबिश दी।ऑफिस में प्रिंस खान या उसका कोई बॉडीगार्ड नही मिला।पुलिस ने ऑफिस की गहन तलाशी ली।पुलिस ने ऑफिस से वॉकी-टॉकी जब्त की है।प्रिंस खान अपने घर पर भी नहीं था।
आपको बता दें कि बादशाह नाम के युवक पर लाठियां बरसाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रिंस खान की तलाश कर रही है।एसएसपी ने मामले की जांच कर दोषी पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है।मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस प्रिंस के ऑफिस पहुंची थी।एसएसपी ने गैंगस्टर फहीम खान के भांजों के सुरक्षा में तैनात उसके निजी अंगरक्षकों का सत्यापन कराने का आदेश दिया है। पुलिस पता लगा रही है कि सुरक्षा गार्ड किस एजेंसी से हैं और उनके पास जो हथियार हैं वह उन्होंने कहां से खरीदा हैं।पुलिस अंगरक्षकों के लाइसेंस की भी जांच करेगी। मौके पर प्रिंस खान और उसका बॉडीगार्ड नहीं मिला तो पुलिस ने उसके नाम नोटिस देकर उसे थाने आने का निर्देश दिया है।
प्रिंस खान को घेरने के लिए पुलिस सीआरपीसी की धारा 110 को हथियार बनाएगी। कुख्यात अपराधियों जो जेल से जमानत पर हैं और शांति व्यवस्था भंग कर रहे हैं या शांति व्यवस्था भंग कर सकते हैं, उनके खिलाफ इस दफा का प्रयोग किया जाता है।पुलिस एसडीओ को प्रिंस के बांड डाउन का प्रस्ताव समर्पित कर रही है ताकि विभिन्न मामलों में उसका बंध पत्र रद्द किया जा सके। पुलिस ने उन कांडों की सूची तैयार की है, जिसमें प्रिंस खान न्यायालय से जमानत पर है।
पुलिस प्रिंस खान के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव तैयार कर रही है। जल्द ही एसएसपी प्रिंस खान के खिलाफ डीसी को सीसीए लगाने का प्रस्ताव भेजेंगे। ताकि उसे जेल में निरुद्ध किया जा सके। प्रिंस खान पर इससे पहले भी कई बार सीसीए के तहत कार्रवाई हो चुक है।
बैंक मोड़ थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने बताया कि प्रिंस खान की तलाश में छापेमारी की गई। उसके ऑफिस से पुलिस ने वॉकी-टॉकी जब्त की है। पुलिस सीआरपीसी की धारा 110 के तहत उसके खिलाफ बांड डाउन का प्रस्ताव एसडीओ को भेज रही है। उसके खिलाफ सीसीए का भी प्रस्ताव तैयार हो रहा है।





