वरीय संवाददाता





रांची। जमीन के बदले नौकरी मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत दिए जाने पर झारखंड प्रदेश राजद महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष रानी कुमारी ने हर्ष व्यक्त किया है। कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि आखिरकार सत्य की जीत हुई है।





रानी कुमारी ने कहा कि केंद्र की भाजपानीत सरकार के इशारे पर एक सोची समझी साजिश के तहत गरीबों के मसीहा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं उनके परिवार के सदस्यों को बार-बार प्रताड़ित किया गया। इस मामले में श्री यादव व उनके परिवार के अन्य सदस्यों को कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने से भाजपा की पोल खुल गई। यही कारण है कि सीबीआई ने भी लालू यादव सहित अन्य 16 आरोपियों की जमानत का विरोध नहीं किया, क्योंकि सीबीआई भी यह समझने लगी है कि लालू यादव और उनके परिजनों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि न्यायालय से लालू प्रसाद यादव व उनके अन्य परिवारजनों को न्याय मिलेगा।