प्रतिनिधि,जमशेदपुर।एसएसएस इंटरप्राइजेज के मालिक के. वेणु गोपाल ने बिरसानगर थाना अंतर्गत लोयोला स्कूल के लेखापाल फादर जेराल्ड रवि डिसुजा के खिलाफ 76.90 लाख रुपए की धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज कराया है। यह घटना जुलाई 2022 से लेकर जनवरी 2023 के बीच की है।





मामले में के. वेणु गोपाल के अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने बताया कि वेणु गोपाल वर्ष 2014 से ही लोयोला स्कूल में निर्माण कार्य करते आ रहे हैं। एसएसएस इंटरप्राइजेज का काम ठीक होने के कारण उन्हें बराबर काम मिलता रहा। साथ ही भुक्तभोगी वेणु गोपाल ने थाने में दर्ज मामले में कहा है कि उन्हें हूरलुंग लोयोला स्कूल में एक कार्य जुलाई 2022 में मिला था। इस दौरान काम पूरा होने के बाद उन्होंने 53 लाख 30 हजार रुपए का बिल भी पास दिया था। बिल का भुगतान करने के बजाय लेखापाल द्वारा कहा गया कि छत की परापेट पर काला ईंट लगाया गया है और इसकी जगह लाल ईंट लगाना पड़ेगा।





वेणु गोपाल का कहना है कि उन्होंने काले ईंट को हटाकर लाल ईंट लगा दिया। जिससे उन्हें 18 लाख रुपए का नुकसान भी हुआ। बावजूद इसके भुगतान के नाम पर उन्हें 14 लाख 39 हजार रुपए ही दिया गया। जबकि बाकी का 38 लाख उन्हें नहीं दिया गया।उन्होंने कहा कि लोयोला स्कूल कैंपस में सामान रखने का गोदाम भी बनाया था। जिसमें लगभग 20 लाख रुपए का सामान भी रखा हुआ है। उसे भी हड़प लिया गया है। साथ ही काम के लिए अब दूसरे ठेकेदार को भी रख लिया गया है। वेणु गोपाल को इससे 76.90 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।