प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)।शनिवार को प्रखंड क्षेत्र में संचालित सीसीएल के आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र में रेलवे साइडिंग निर्माण हेतु वनाधिकार समिति से अनापत्ति प्रस्ताव लेने का तीसरा प्रयास भी विफल हो गया। बता दें कि अंचल कार्यालय के पत्रांक 850 के आलोक में बैठक कराने पहुंचे राजस्वकर्मियों के पास कोई भी ग्रामीण व जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे,जिससे उन्हें बिना बैठक कराए बैरंग लौटना पड़ा।लोगों की मानें तो सीसीएल प्रबंधन व अंचल प्रशासन ग्रामीणों की शंकाओं को दूर करने में अबतक पूरी तरह से विफल रहने के कारण उन्हें लगातार विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
आपको बता दें ग्रामीणों द्वारा पूर्व निर्गत पत्रांक 614 को निरस्त करते हुए पत्र जारी करने, वनाधिकार समिति की सूची उपलब्ध कराने व कथित तौर पिछले बैठक में फर्जी हस्ताक्षर व मुहर का प्रयोग कर प्रस्ताव पारित करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए हैं।





