मिर्जापुर।विंध्याचल के अखाड़ा घाट के सामने बुधवार को गंगा में बड़ा हादसा हुआ है,जहां गंगा में नाव पलटने से छह लोग डूब गये।झारखंड की राजधानी रांची और बिहार के बक्सर से श्रद्धालु आये थे।जबकि आठ लोगों को स्थानीय नाविकों ने बचा लिया है।लापता हुए लोगों की तलाश में पुलिस और गोताखोर देर शाम तक लगे रहे।नाव में 14 लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के रांची के 35 वर्षीय धुरवा निवासी राजेश तिवारी अपने जीजा बक्सर निवासी विकास और अपने साले जमशेदपुर निवासी दीपक को परिवार सहित विंध्यधाम दर्शन के लिए आये हुए थे। बुधवार को दर्शन पूजन के पूर्व तीनों परिवारों के 12 लोग अखाड़ा घाट से उस पार जाने के लिए नाव में सवार हो गए। साथ में एक फोटोग्राफर को भी बैठा लिया। स्नान करने के बाद सभी उसी नाव से वापस आ रहे थे। हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ है।तेज बारिश की वजह से नाव गंगा में पलट गई।नाव को पलटते हुए देख कर आसपास के नाविक डूब रहे लोगों को बचाने के लिए जुट पड़े।स्थानीय नाविकों ने परिवार के छह लोगों के साथ आठ लोगों को बचा लिया।डूबने से बचने में फोटोग्राफर और नाव का नाविक भी शामिल है।इस हादसे में तीन बच्चे और तीन महिलाएं लापता हो गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिये।सीएम योगी ने कहा कि आपदा प्रबन्धन की टीम की मदद लेते हुए तेजी से बचाव व राहत कार्य किये जाएं।सीएम योगी ने अधिकारियों को दुर्घटना के प्रभावितों की हर सम्भव मदद और उनकी समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। सीएम योगी के निर्देश के बाद डीआईजी आरके भारद्वाज, कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र, डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी अजय कुमार सिंह व सीओ सिटी प्रभात राय मौके पहुंचकर घटना की जानकारी ली। देर शाम तक किसी की तलाश नहीं हो पाई थी। झारखंड के धुरवा निवासी राजेश तिवारी अपने साले दीपक उसके परिवार के साथ पहले कार से बक्सर आया था। बक्सर से अपने जीजा विकास और बहन गुड़िया, बच्चे शौर्य व सत्यम को लेकर विंध्यधाम पहुंचे थे।हादसे में विकास की पत्नी व राजेश की बहन गुड़िया और उसके दो बच्चे लापता हैं। राजेश तिवारी का साला जमशेदपुर निवासी दीपक भी रांची में ही रहता है। स्नान करने के बाद उस पर से वापस आते समय करीब एक बजे नाव जब बीच गंगा में पहुंची तो उसी समय तेज बारिश और हवा चलने लगी।तेज बारिश से नाव में पानी भर गया।नाव में पानी भर जाने से दर्शनार्थियों से भरी नाव बीच गंगा पलटकर डूब गई। नाव पलटते ही घाट पर मौजूद अन्य नाविक अपनी अपनी नाव लेकर बचाने के लिए दौड़ पड़े।नाविकों ने रांची के 35 वर्षीय राजेश तिवारी, बक्सर के 28 वर्षीय विकास, रांची के 27 वर्षीय दीपक, 35 वर्षीय वाहन चालक सुदीप, 9 वर्षीय अल्का, 7 वर्षीय रितिका को बचा लिया जबकि बक्सर निवासी राजेश की बहन 28 वर् गुड़िया, 5 वर्षीय भांजा सत्यम और ढाई वर्ष के शौर्य, रांची निवासी 30 वर्षीय खुश्बू, 26 वर्षीय अनीषा, तीन माह की एक बच्ची लापता है।