वरीय संवाददाता,रांची। झारखंड बचाओ मोर्चा के केंद्रीय संयोजक व आदिवासी-मूलवासी जनाधिकार मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष विजय शंकर नायक ने कहा है कि झारखंड सरकार विधायक लोबिन हेंब्रम को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराए।
विजय शंकर नायक ने लोबिन हेम्ब्रम के सुरक्षा गार्ड हटाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जल, जंगल, माटी की बात करने वाले झारखंडी समाज के हितों के संरक्षक,संवैधानिक अधिकारों की आवाज सदन से सड़क तक उठा कर संघर्ष करने वाले विधायक के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। इस तरह का व्यवहार हेमंत सोरेन सरकार को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि झारखंड में विधि व्यवस्था की जो स्थिति है उसे देखते हुए तुरंत उनको सुरक्षा मुहैया कराया जाना चाहिए। ताकि वे झारखंडी समाज के सवालों एवं जल,जंगल, जमीन,सीएनटी/एसपीटी ,पेसा एक्ट की लड़ाई को भयमुक्त होकर उठा सकें।
विजय शंकर नायक ने कहा कि राज्य के डीजीपी एवं सरकार को भी पत्र देने के बावजूद अभी तक सुरक्षा मुहैया नहीं कराना समझ से परे है। झारखंड बचाओ मोर्चा इसकी कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए अविलंब राज्य के डीजीपी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग करता है कि लोबिन हेंब्रम (विधायक) को 1/10 का सुरक्षा मुहैया कराया जाए, ताकि उनकी जान-माल की रक्षा हो सके।





