प्रतिनिधि,गिद्धौर(चतरा)। थाना क्षेत्र के मसुरिया गांव की विनीता देवी की हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के 24वें दिन मुंबई के अंबोला से हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।





जानकारी के मुताबिक विनीता की मौत का कारण उसके पुत्र की सर्पदंश से मौत के बाद मिली मुआवजा की राशि बनी। यहां तक की प्रेमिका विनीता देवी व उसके परिवार का भरण पोषण को लेकर प्रत्येक महीना खर्च उठाना भी प्रेमी उपेंद्र यादव को महंगा पड़ने लगा था। बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले 10 वर्षों से प्रेम प्रसंग चलता आ रहा था।इसी बीच वर्ष 2020 में प्रेमिका विनीता देवी के एक पुत्र की मौत सर्पदंश से हो गई थी।सर्पदंश से मौत होने के कारण विनीता को सरकार द्वारा मुआवजा के तौर पर चार लाख रुपया मिला था। मुआवजे में मिली चार लाख की राशि विनीता ने अपने प्रेमी मसूरिया गांव के उपेंद्र यादव को दे दिया था।बाद में उपेंद्र व विनीता से दूरी बढ़ने लगी।इस बात को ले दोनों में विवाद धीरे धीरे बढ़ता गया।विवाद बढ़ने के कारण विनीता ने प्रेमी से लगातार रुपए की मांग कर रही थी।इसी बात को लेकर उपेंद्र ने विनीता की हत्या का प्लान बनाया।नौ अगस्त को प्रेमी उपेंद्र यादव ने विनीता को हज़ारीबाग से बाइक पर बैठा कर गांगपुर का बनखेता जंगल लाया।दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर वहां उपेंद्र ने विनीता की हत्या गला दबाकर कर दिया।शव को वहां छोड़ अपने घर मसूरिया लौट आया।इसके बाद शव की पहचान होने का ख्याल आने पर उसने घर से कुदाल और टांगी निकाली और फिर दुबारा घटनास्थल पर पहुंचा।उसके बाद उसने शव को मिट्टी में गाड़कर छिपा दिया।पुलिस को दिए स्वीकारोक्ति बयान में उक्त बातें सामने आई है।





गुरुवार को गिद्धौर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में सिमरिया एसडीपीओ अशोक कुमार प्रियदर्शी ने हत्याकांड के सम्बंध में कई जानकारी दी।उन्होंने बताया गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के मसूरिया गांव के कुंजील यादव का पुत्र उपेंद्र यादव (28 वर्ष) है।इस कांड के उदभेदन में थाना प्रभारी कन्हैया कुमार यादव ने कड़ी मशक्कत किया है।उनके कड़े प्रयास से ही आरोपी को मुंबई के अंबोला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।हत्याकांड का खुलासा घटना के 24वें दिन कर लिया गया।उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के अलावा शव को छुपाने में प्रयुक्त एक कुदाल,एक टांगी,एक बाइक भी बरामद किया गया।उन्होंने बताया कि आरोपी में घटना में संलिप्तता स्वीकार कर लिया है।नौ अगस्त को विनीता की हत्या कर दी गई थी।हत्या के बाद आरोपी अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।उसने 14 अगस्त को हटिया से ट्रेन पकड़ी और मुंबई चला गया। 15 अगस्त की शाम ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मिट्टी में गड़ा शव बरामद किया था।