प्रतिनिधि, हजारीबाग। हजारीबाग मेरु कैंप में महानिरीक्षक केएस बन्याल के नेतृत्व में शुक्रवार को कैंप परिसर के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों,अन्य कार्मिकों, परिजनों एवं स्कूल के बच्चों के द्वारा संस्थान आसपास के इलाकों में पौधारोपण किया गया। पौधारोपण से तात्पर्य वृक्षों के विकास के लिए पौधों को लगाना, हरियाली को फैलाना एवं धरा को बचाना है। पौधारोपण के सबसे सामान्य उद्देश्यों में से एक वनों को बढ़ावा देना है। पृथ्वी पर पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने के लिए वन अत्यंत महत्वपूर्ण है।पौधारोपण मूल रूप से पौधों को पेड़ का रूप देने की प्रक्रिया है। इसलिए सरकार द्वारा समय-समय पर पौधारोपण पर जोर दिया जाता रहा है। गृह मंत्री की अगुवाई में 12 जुलाई 2020 को सीआरपीएफ गुरूग्राम परिसर में पीपल का पौधा लगाया गया जो अभी तक पेड़ बड़ा हो चुका है।शुरू की गई मुहिम की निरन्तरता में आज गृहमंत्री नें 4 करोडवां पौधा सीआरपीएफ के नोएडा कैम्प में लगाया। 1100 परिसरों मे सभी केन्द्रीय पुलिस बलों द्वारा 11 लाख पौधे लगाकर पुनः एक नया असाधारण कीर्तिमान स्थापित किया गया। इसमें से सीमा सुरक्षा बल के 2 लाख के लक्ष्य में 5000 पौधे मेरू कैम्प में लगाए गए।





कार्यक्रम का सीधा प्रसारण केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रेटर नोएडा, नई दिल्ली से किया गया। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मन्त्री बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होने लाइव राष्ट्र को संबोधित भी किया। इस वर्ष केन्द्रीय पुलिस बलों को 1.5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें सीमा सुरक्षा बल को 35 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला। प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय मेरू कैंप एवं सहायक प्रशिक्षण केन्द्र हजारीबाग को इस वर्ष 80000 पौधे लगाने का लक्ष्य है। सीमा सुरक्षा बल ने भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान पर्यावरण संरक्षण में सहर्ष भागीदारी ली है। कार्यक्रम की श्रृंखलाबद्ध कड़ी के तहत प्रशिक्षण संस्थान द्वारा 52,200 पौधे चुका है,जिसमें आज 5000 पौधारोपण कर केन्द्रीय पुलिस बलों में 1100 परिसरों के साथ आगे बढ़ाया गया। अभियान बल के दिशा निर्देशों की अनुपालना मेें श्रृंखलाबद्ध कड़ी के तहत चला कर पूरा किया जा रहा है।





केएस बन्याल ने कहा कि वृक्ष हमारी ऐसी संपदा है जो मनुष्य को हर प्रकार से लाभ पहुंचाते है। इनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। पेड़ हमारी धरती को हरा-भरा बनाकर ही नहीं रखते अपितु इन्ही की वजह से हमारी धरती शीतल रह पाती है और यहां जीवन संभव हो पाता है। कहा कि पर्यावरण में बढ़ते प्रदूषण की वजह से पौधा लगाना जरुरी है। मेरू सीमा सुरक्षा बल परिवार इस तरह कार्यक्रमों की चरणबद्ध कड़ी के तहत पर्यावरण संरक्षण में अपनी अहम भूमिका निभाता रहेगा।