पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में थाना लिसाड़ी गट क्षेत्र में एक व्यापारी ने अपनी पत्नी और बेटी पर छुरी से प्रहार कर खुद को भी लहूलुहान कर लिया। घटना में बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दंपति को गंभीर हालत में आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी घटना बुधवार दोपहर की है जिसे परिजन कई घंटों तक छिपाते रहे।बच्ची की मौत का देर शाम खुलासा हुआ।पुलिस ने पीडि़त परिवार के बयान के आधार पर बताया कि इस्लामाबाद निवासी 38 वर्षीय जुनैद का पावरलूम का काम है। लॉकडाउन के कारण काम ठीक ठाक न चलने से जुनैद फैक्ट्री का बिजली का बिल भी जमा नहीं कर पा रहा था जिससे काफी समय से फैक्ट्री बंद थी। परिवार वालों के मुताबिक जुनैद काफी समय से अवसाद में था और उसका इलाज भी चल रहा था। बुधवार की दोपहर 32 वर्षीय पत्नी रेशमा से झगड़ा होने के बाद जुनैद ने पत्नी पर और नौ साल की बेटी जनरेल पर चाकू से हमला कर दिया।जुनैद ने खुद भी अपनी गर्दन, पेट और हाथों पर चाकू से वार किए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आनन फानन में आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।