विशेष संवाददाता





रांची। राजधानी में जाम की समस्या से लोगों की बढ़ती परेशानी और इसके निराकरण हेतु गुरुवार को चैंबर भवन में एक बैठक हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि व्यापारी अपनी दुकानों के सामान सड़कों पर न रखें और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने व्हाईट लाईन का सख्ती से पालन करने की भी अपील की। यह भी कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिए जरूरी है कि अपने दुकान की सीमा से बाहर व्यवसायिक गतिविधि न करें।वार्ता के क्रम में उन्होंने जाम की समस्या से निपटने के लिए किये जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी और अवगत कराया कि गलत तरीके से पार्क किये गये वाहनों पर सख्ती बरतने और उन्हें उसी स्थल पर लॉक करने के लिए कई ट्रैफिक उपकरण भी खरीदे जा रहे हैं। यातायात के लिए ड्रोन कैमरा भी मंगाया गया है जिसके माध्यम से शहर की जाम की समस्या की रियल टाईम मॉनिटरिंग की जायेगी। चौक चौराहों पर ट्रॉफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरे को भी दुरूस्त किया जा रहा है।





चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि दुकान के सामने गाड़ी खड़े करने पर दुकानदारों पर जुर्माना नहीं किया जाय, यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है,क्योंकि नगर निगम की टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई की कई शिकायतें हमारे संज्ञान में आई हैं। पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने इस मामले में निगम से वार्ता की बात कही और कहा कि व्हाईट लाईन के अंदर गाड़ी खड़े करने पर दुकानदारों पर कार्रवाई नहीं होगी। प्रत्येक वर्ष ठंड के समय रात्रि में शहर में चोरी की बढ़ती वारदातों पर चिंता व्यक्त करते हुए चैंबर के लॉ एंड ऑर्डर उप समिति चेयरमेन प्रवीण लोहिया ने विशेषकर मुख्य व्यवसायिक क्षेत्रों में पुलिस गस्ती बढ़ाने का आग्रह किया जिसपर उन्होंने सहमति जताई।





पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने अवगत कराया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिए हमें शहरवासियों की ओर से सैकड़ों सुझाव प्राप्त हुए हैं। कुछ सुझाव जो शॉर्ट टर्म के हैं, उनपर कार्रवाई जारी है तथा जो सुझाव दीर्घकालिक हैं, उनपर विचार किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के आग्रह पर चैंबर अध्यक्ष ने यह आश्वस्त किया कि सीएनजी फिल करनेवाली एजेंसी को रांची में स्थापित कराने में फेडरेशन आवश्यक सहयोग करेगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि शहर की यातायात व्यवस्था पर एक सप्ताह के अंदर शहर की विभिन्न संस्थाओं के साथ चैंबर भवन में पुनः एक बैठक आहूत की जायेगी।





बैठक में ट्रैफिक डीएसपी जीतवाहन उरावं, चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष अमित शर्मा, सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल, प्रवक्ता ज्योति कुमारी, लॉ एंड ऑर्डर उप समिति चेयरमेन प्रवीण लोहिया और ट्रॉफिक उप समिति के चेयरमेन मुकेश पांडेय शामिल थे।