प्रतिनिधि,हंटरगंज(चतरा)। प्रखंड के केदली कला गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सोमवार को शहीद सीआरपीएफ जवान सरदार सिमरनजीत सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर शहीद के परिवार वालों द्वारा पिछले दिनों शुरू कराए गए श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला गया। तत्पश्चात स्थानीय रागियों द्वारा वैराग्यमयी शबद गुरुवाणी का गायन किया गया।





श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट झारखंड के चतरा जिला इकाई के उपाध्यक्ष अर्जुन यादव ने उपस्थित युवाओं से शहीद सिमरनजीत सिंह से प्रेरणा लेकर अधिक से अधिक संख्या में सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का आह्वान किया।सचिव सुबेदार यादव ने कहा कि देश के लिए मरने वाला शहीद कभी मरता नहीं है।वह लोगों के ह्रदय में हर समय जिंदा रहता है।





कार्यक्रम को ट्रस्ट के प्रखंड अध्यक्ष ओमप्रकाश उपाध्याय, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार प्रताप सिंह, सचिव सरदार ज्ञान सिंह, सतपाल सिंह, शमशेर सिंह आदि ने भी सम्बोधित करते हुए शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।‌‌इसके पूर्व सभी अतिथियों तथा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों के द्वारा शहीद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए तथा शहीद के माता-पिता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।





कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ-साथ प्रखंड के दूर दराज से सैकड़ों लोग उपस्थित होकर शहीद को अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।‌‌कार्यक्रम के अंत में शहीद के परिवार वालों के द्वारा तैयार किए गए लंगर प्रसाद सभी आगंतुकों एवं संगत के बीच बांटी गई।