मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा झारखंड में एमएसएमई उद्योगों को 40 प्रतिशत अनुदान देने की घोषणा किया जाना स्वागत योग्य है। यह राज्य के औद्योगिक विकास के प्रति मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता का परिचायक है। गौरतलब है कि झारखंड की औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा उद्यमियों को फिलवक्त 25 प्रतिशत अनुदान मिल रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के अनुरोध को स्वीकार करते हुए राज्य में एमएसएमई उद्यमियों के लिए सब्सिडी बढ़ाकर 35 से 40 प्रतिशत करने की घोषणा की है। इससे राज्य में एमएसएमई उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
विदित हो कि गत दिनों राजधानी के मोरहाबादी मैदान में 14वां इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर के समापन समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एमएसएमई उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य उद्यमियों को 40 प्रतिशत तक सब्सिडी देने की घोषणा की। इससे एमएसएमई उद्यमियों के बीच एक नई आशा और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। राज्य सरकार द्वारा उद्योग हित में एक बेहतर औद्योगिक नीति भी बनाई गई है। इससे प्रभावित होकर छोटे-बड़े कॉर्पोरेट घरानों ने झारखंड में निवेश की इच्छा व्यक्त की है। इस क्रम में पिछले दिनों जमशेदपुर में एक बड़े कॉर्पोरेट सेक्टर ने औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड में औद्योगिक विकास के प्रति गंभीर हैं। सरकार द्वारा राज्य में औद्योगिक निवेश के लिए लगातार कदम उठाया जाना सराहनीय है। झारखंड में उद्योगों के विस्तार की सभी क्षमता विद्यमान है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहना प्रशंसनीय है।मुख्यमंत्री के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि राज्य में औद्योगिक विकास की गति तेज हुई है। यहां टाटा-बिरला के अलावा कोल कंपनियों समेत कई अन्य औद्योगिक घराने कार्यरत हैं। इसके साथ ही रुग्ण और बंद पड़े औद्योगिक इकाइयों के जीर्णोद्धार के लिए भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार उद्योग विभाग ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री के इन प्रयासों से निश्चित तौर पर यह कहा जा सकता है कि राज्य में औद्योगिक विकास का सपना साकार हो रहा है। एमएसएमई उद्योगों के विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा एक क्रांतिकारी कदम है। इसका सकारात्मक परिणाम जल्द ही सामने आएगा। कुल मिलाकर कहा जाय तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों से राज्य में औद्योगिक विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह राज्य की समृद्धि में काफी सहायक साबित होगा।





