प्रतिनिधि,चतरा। पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार कुमार ने शुक्रवार को चतरा शहर के स्थानीय इंदुमती टिबड़ेवाल सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय में सड़क सुरक्षा व नशा मुक्त अभियान के तहत बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार दास,प्रभारी अयोध्या प्रसाद सिंह व अन्य अचार्यवृन्द उपस्थित थे।
बच्चों को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ने कहा कि आज सड़क दुर्घटना आपदा का रूप लेते जा रही है।प्रति वर्ष लाखों लोग इसके कारण काल के गाल में समा रहे है। समय के साथ सभी को सड़क सुरक्षा तथा ट्रैफिक नियमों के प्रति सचेत व जागरूक रहने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सीट बेल्ट,हेलमेट,100 नंबर डायल ,सेफ्टी एक्ट,कागज़ात,गोल्डन आवर आदि की उपयोगिता बताई गई।
एसडीपीओ ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के महत्व व वाहन संचालकों की लापरवाही से आए दिन होने वाले दुर्घटनाओं के नुकसान से भी अवगत कराया। साथ ही गैर जिम्मेवार तरीके व रेज रेसिंग से वाहन चलाने से परहेज करते हुए जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाने के लिए अपने परिजनों को भी जागरूक करने व सड़क सुरक्षा तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
इस दौरान बच्चों को यातायात नियम और सड़कों पर सुरक्षित सफर की जानकारी दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शपथ दिलाई गई कि वह वाहन चलाते समय हमेशा यातायात के नियमों का दृढ़ता के साथ पालन करेंगे। ताकि दुर्घटना से होने वाली क्षति को रोका जा सके। सड़क सुरक्षा के साथ साथ बच्चों को नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे से बचने की भी अपील किया गया।





