सदान विकास पार्टी ने झारखंडवासियों से की अपील





जनसमर्थन मिला तो होगा सपना साकार : डॉ.राजेन्द्र प्रसाद साहू





विशेष संवाददाता,रांची। सदान विकास पार्टी ने झारखंड के मूलवासियों, सदानों सहित सभी धर्मावलंबियों से समर्थन देने की अपील की है। इस संबंध में सविपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित राज की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है,जिसमें कहा गया है कि सदान विकास पार्टी झारखंड के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित है। सभी धर्म व समुदाय के लोगों के हितों के संरक्षण के लिए सविपा सतत प्रयासरत है।वहीं,सदान विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.राजेन्द्र प्रसाद साहू ने कहा है कि मूलवासियों सहित सभी धर्मावलंबियों के हितों का ध्यान रखते हुए सविपा झारखंड में अपना जनाधार बढ़ाने की दिशा में अग्रसर है।





डॉ. साहू ने कहा कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में सदान विकास पार्टी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएगी। विधानसभा और लोकसभा की सभी सीटों पर सविपा अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में कमेटी गठित की जा रही है।





डॉ. साहू ने कहा कि जिन उद्देश्यों को लेकर झारखंड अलग राज्य का गठन हुआ।वह 23 वर्षों के बाद भी पूरा नहीं हो पाया। कमोबेश सभी राजनीतिक दल झारखंड की जनता को सिर्फ आश्वासन ही देते रहे हैं। सूबे में जनसमस्याओं का अंबार लगा हुआ है। जनहित में बनाई गई कई कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतरने से पहले ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जा रही है। कुल मिलाकर कहा जाए तो 23 वर्षों में भी झारखंडवासियों का सपना पूरा नहीं हो सका है।





डॉ.साहू ने कहा कि झारखंड की जनता स्वयं को ठगा सा महसूस कर रही है। राज्य में भाजपा, कांग्रेस झामुमो, राजद सहित अन्य दलों के गठबंधन की सरकारें रही,लेकिन कई ज्वलंत मुद्दे आज भी अधूरे हैं। राज्य में विस्थापन, पलायन की समस्या दूर नहीं हुई। सदानों के साथ भी सरकार ने न्याय नहीं किया।





डॉ.साहू ने राज्य की जनता से एक बार सदान विकास पार्टी को व्यापक जनसमर्थन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में सदान विकास पार्टी को जनता ने अवसर दिया तो सूबे के सर्वांगीण विकास का सपना साकार होगा और झारखंड राज्य पूरे देश में एक आदर्श राज्य के रूप में स्थापित होगा।