लखनऊ।समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की मुश्किलें बढ़़ने वाली है।सीजेएम लखनऊ ने सपा प्रवक्ता की सम्पत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया है।जिसमें कहा गया है कि अगर नहीं हाजिर होंगे तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।हजरतगंज पुलिस ने पूर्व सांसद सुशीला सरोज और सपा प्रवक्ता की ससुराल वाले इंदिरानगर ए ब्लॉक घर पर शुक्रवार देर शाम कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया है।
आपको बता दें कि बीते 11 नवंबर को टीवी डिबेट के दौरान सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता हीरो बाजपेई ने अनुराग भदौरिया के खिलाफ हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।पुलिस ने उन पर आईपीसी की धारा 153ए, 295ए, 298, 504 और 505 (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी।बताया जा रहा है कि तभी से अनुराग भदौरिया फरार चल रहे हैं।सूत्र तो यहां तक बता रहे हैं कि अनुराग भदौरिया देश छोड़ कर फरार हो गए हैं।
नोटिस चस्पा किए जाने पर समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद सुशीला सरोज का बयान आया है।पूर्व सांसद ने कहा है कि यह मकान और फार्म हाउस मेरे नाम पर है,मैंने खरीदा है।मेरे घर पर काम करने वाले लोग भी यहीं का पता देते हैं तो क्या यह मकान कुर्क कर दिया जाएगा।
पूर्व सांसद ने कहा कि पुलिस को जानकारी देने के बावजूद यह नोटिस चस्पा किया गया।अनुराग भदौरिया ने टीवी डिबेट के दौरान जो कुछ कहा, वह एक चूक थी,जिसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी है।उनकी इस चूक पर माफ किया जाना चाहिए।
दिसंबर 2018 में नोएडा में एक न्यूज चैनल के डिबेट प्रोग्राम के दौरान सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया और भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया का टकराव हुआ था।इसके बाद भाजपा प्रवक्ता ने सेक्टर 20 पुलिस थाने में सपा प्रवक्ता के खिलाफ हाथापाई की रिपोर्ट दर्ज करवा दिया था।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सपा प्रवक्ता को हिरासत में ले लिया था।
कुर्की का नोटिस चिपकाये जाने के सम्बंध में डीसीपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि अनुराग भदौरिया के खिलाफ भाजपा नेता हीरो बाजपेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से अनुराग फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए इंदिरानगर, माल एवेन्यू और गोमतीनगर स्थित ठिकानों पर कई बार दबिश दी जा चुकी है।





