सरकारी राशन वितरण के डोर स्टेप डिलीवरी सुविधा पड़ी ठप





अनाज वितरण में सबसे खराब प्रदर्शन गिरिडीह का





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह। पीडीएस डीलरों को सरकारी राशन वितरण में परेशानी न हो इसके लिए सरकार द्वारा डोर स्टेप डिलीवरी की सुविधा आरंभ की गई है,लेकिन ठेकेदारों की मनमानी की वजह से यह व्यवस्था जिले में पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। प्रत्येक माह समय पर डीलरों तक अनाज भी नहीं पहुंचता है।





गौरतलब है कि समय पर अनाज वितरण के लिए केंद्र सरकार ने कई कड़े प्रावधान किए हैं।राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रत्येक माह का अनाज उसी माह बंट जाना है,लेकिन फिर भी अनाज के वितरण में कोताही ही बरती जा रही है।वहीं झारखंड सरकार के आंकड़े देखें तो राज्य में अनाज वितरण में सबसे खराब प्रदर्शन गिरिडीह जिले का है।मई महीना समाप्त होने वाला है और 28 मई तक मात्र 45.68 प्रतिशत ही अनाज का वितरण हो पाया है।वहीं राज्य में अनाज वितरण का औसत 83.35 प्रतिशत है। ऐसे में जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां लाभुक कार्डधारी अनाज के लिए पीडीएस दुकानों पर चक्कर लगाते रहते हैं, वहीं हंगामा और अनियमितता के आरोपों से डीलर परेशान हैं।