प्रतिनिधि,सिमडेगा। सरहुल पर्व के अवसर पर सिमडेगा में भव्य शोभायात्रा पूरे धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। यह शोभायात्रा सरना स्थल सलडेगा से प्रारंभ होकर सलडेगा चौक चौक होते हुए प्रिंस चौक पहुंची तथा मुख्य मार्ग होते हुए नीचे बाजार तक गई। जहां से पुनः वापस आकर कचहरी के समीप स्थित सरना स्थल पहुंचकर जुलूस का समापन किया गया। इससे पुर्व दिन में सरना स्थल सलडेगा में विधिवत पूजन संपन्न किया गया।





सरहुल जुलूस के महावीर चौक पहुंचने पर रामनवमी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, संजय शर्मा, मुकेश कुमार, बरणवाल, रिंकू अग्रवाल, बबलू अग्रवाल, विकास वर्मा, नरेश शर्मा सहित अन्य के द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया। प्रबंधन समिति के पदाधिकारी द्वारा सरना पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारी सहित पुलिस पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। साथ ही समिति द्वारा सभी लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गयी थी।





इधर विधि व्यवस्था के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा पर्याप्त तैयारी की गई थी। अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार नियंत्रण कक्ष के समीप मौजूद रखकर जुलूस को लेकर विधि व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते देखे गए। इसके अलावा सदर थाना प्रभारी रवि प्रकाश, पुलिस पदाधिकारी राजकपूर सेठ नगर भ्रमण के दौरान सरहुल जुलूस के साथ-साथ रहे।





सरहुल पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारियों जुलूस की अगुवाई करते हुए नगर भ्रमण किया। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में सरना धर्मावलंबियों ने पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-थिरकते निर्धारित सरना स्थल तक पहुंचे।