सरहुल पर्व को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में केन्द्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित





सभी सुझावों पर अमल किया जायेगा :उपायुक्त





सौहार्दपूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनायें सरहुल पर्व,नियमानुसार लाउडस्पीकर का करें इस्तेमाल





विशेष संवाददाता





रांची। आगामी सरहुल पर्व को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में केन्द्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। रांची समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची किशोर कौशल, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) आरएन आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर दीपक दुबे, अनुमंडल पदाधिकारी बुण्डू अजय कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं केन्द्रीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में सौहार्दपूर्ण वातावरण में धूमधाम से आगामी सरहुल पर्व मनाने की बात कही गयी।





बैठक में केन्द्रीय शांति समिति एवं आदिवासी संगठनों के सदस्यों ने सरहुल पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था को लेकर कई सुझाव दिये। साफ-सफाई, जलापूर्ति, अवैध शराब की बिक्री पर रोक, सरना स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, महिला आरक्षियों की प्रतिनियुक्ति आदि से संबंधित कई सुझाव सदस्यों ने दिये। पूर्व मंत्री गीताश्री उरावं ने कहा कि पिछले साल हुए सर्वेक्षण में सरहुल महोत्सव की शोभा यात्रा को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है। ऐसे में जिला प्रशासन की जिम्मेवारी बनती है कि पर्व को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाये। उन्होंने कहा कि सरहुल पर्व को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी समितियों को अपनी-अपनी जिम्मेवारी भी समझनी होगाी।





सुझावों पर किया जायेगा अमल :उपायुक्त





उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि बैठक में आये सभी सुझावों पर अमल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पहले से बेहतर व्यवस्था देने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण कि हम सभी धर्मों के प्रति सम्मान भाव रखते हुए अनुशासन में रहकर पर्व मनायें। कोई भी समस्या न हो इसके लिए जिला प्रशासन सभी समितियों से समन्वय स्थापित कर बेहतर व्यवस्था देने का प्रयास करेगा।





नियमानुसार लाउडस्पीकर का करें इस्तेमाल





शांति समिति की बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण न हो इसके लिए नियमानुसार लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करें।रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर का इस्तेमाल न करें। एसएसपी ने कहा कि सभी सरना समितियां अपने-अपने वॉलिंटियर्स का लिस्ट बना लें और उन्हें पहचान पत्र भी दें ताकि समन्वय स्थापित करने में आसानी हो। वरीय पुलिस अधीक्षक ने पर्व से पूर्व स्थानीय थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक में किसी भी तरह के विवाद को निपटाने के निदेश दिये। उन्होंने कहा कि रुट में नगर निगम द्वारा लाइट की व्यवस्था की जायेगी।साथ सभी समितियां अपने स्तर से भी लाइट की व्यवस्था करें ताकि अंधेरे में असामाजिक तत्वों को मौका न मिले। उन्होंने कहा कि मनचलों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।