प्रतिनिधि,चतरा। बरसात का मौसम आते ही चतरा में सर्प दंश की घटनाएं तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार की देर रात को सदर अस्पताल में सर्प दंश के दो मामले आए,जिसमें से एक बालक की मौत इलाज के दौरान हो गई,जबकि एक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना कुंदा थाना क्षेत्र के सिंदरी कोयता गांव में घटी। जहां पियूष कुमार नामक 7 वर्षीय बालक की सांप ने घर के बाहर डंस लिया। उसके परिजनों ने बताया कि बिना देर किए उसे प्रतापपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए।जहां चिकित्सक के द्वारा उसके उपचार के नाम पर 2 घंटा बर्बाद किया गया। हालत काफी खराब हो जाने पर उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।मृतक के चाचा भरत यादव ने बताया कि इलाज करने में प्रतापपुर के डॉक्टर ने काफी देर कर दिया और करीब 2 घंटा देर करने के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल आने पर इलाज तो शुरू किया गया परंतु उसे बचाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि चिकित्सक की लापरवाही के कारण बच्चे की मौत हुई है। ऐसे चिकित्सक के विरुद्ध कारवाई होनी चाहिए। दूसरी घटना प्रतापपुर के कठोन गांव में घटी जहा सांप ने चंदन पासवान नामक युवक को काट लिया,जिसका उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताते चलें कि करीब डेढ़ माह में चतरा में 4O से अधिक सर्प दंश की घटनाएं घटी हैं, जिसमें एक की मौत हुई है। एक रेफर हुआ है। जबकि शेष 38 का सफल उपचार सदर अस्पताल में किया गया है।





