जमशेदपुर।आम आदमी की गाढ़ी कमाई पलभर में साइबर ठग गायब कर रहे हैं। जिसके लिए ठग तरह-तरह के तरीके भी अपना रहे हैं।ऐसा ही एक मामला कदमा निवासी युवक आशीष राज पांडेय के साथ घटा है।उन्हें बिजली बिल जमा करने के नाम पर फोन कर क्वीक सपोर्ट एप डाउनलोड करवाया और खाते से पलक झपकते ही 49 हजार रुपए उड़ा लिये।





इस संबंध में आशीष राज पांडेय ने एक मामला मोबाइल (7001235897) धारक के खिलाफ बिस्टुपुर स्थित साइबर थाने में दर्ज कराया है।घटना बीते 21 नवंबर की है। आशीष राज जिस कंपनी में काम करता है, उस कंपनी के एमडी के मोबाइल फोन (9771499009) पर उपरोक्त नंबर से बिजली बिल जमा करने का मैसेज आया। कंपनी के एमडी ने आशीष राज पांडेय को उपरोक्त नंबर पर संपर्क कर बिजली बिल के संबंध में पुछताछ करने के लिए कहा। उसके द्वारा जब उक्त नंबर पर संपर्क किया गया तो बिजली बिल बकाया होने की बात कहकर क्वीक सपोर्ट एप डाउनलोड करवाया गया।





आशीष ने बताया कि उपरोक्त मोबाइल धारक व्यक्ति ने एक लिंक भेजकर पहले एक रुपया पेमेंट करने बोला। उसके थोड़ी ही देर के बाद खाते से 49 हजार रुपए निकल गए। इस दौरान ठग ने पहले उससे एटीएम कार्ड का नंबर, सीवीवी नंबर, एक्सपायरी डेट वगैर भरने के लिए कहा। जिसे उन्होंने आसानी से भर दिया। आशीष राज पांडेय ने साइबर थाना प्रभारी से उपरोक्त नंबर की जांच कर दोषी ठग के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी की है।