पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,साहिबगंज।चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता सह पर्यावरण प्रेमी सैयद अरशद नसर को जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या-104/24 में कांड के अनुसंधानकर्ता लव कुमार ने दो जुलाई को एक नोटिस निर्गत करते हुए 10 जुलाई को जिरवाबाड़ी थाना में उपस्थित होने को कहा है। तीन जुलाई को नोटिस प्राप्त होने के बाद अरशद ने कहा की नोटिस का समय सीमा के भीतर जवाब दिया जाएगा।
विदित हो की जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू द्वारा बीते शनिवार को जिरवाबाड़ी थाना में भय दोहन, ब्लैकमेलिंग,सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने आदि को लेकर अरशद पर जिरवाबाड़ी थाना में 353, 384, 504, 506 धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कराया गया तो दूसरी तरफ़ अरशद ने भी जिला खनन पदाधिकारी किस्कू पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए ऑनलाइन एफ़आइआर दर्ज कराया है। दोनों तरफ़ से आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है,जिसको लेकर पुलिस प्रशासनिक पदाधिकारी,पत्थर कारोबारियों, माफियाओं,सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में चर्चाओं का बाज़ार गर्म है।





