झारखंड।गंगा साहिबगंज के राजमहल में लगातार अपना रौद्र रूप धारण किए हुए हैं।लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है।बाढ़ की वजह से लोग नाव से पलायन करने को मजबूर रहे हैं।जिले के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ से स्थिति खराब हैं।नदी से सटे हुए निचले इलाकों में गंगा का पानी घुस गया है।रिहायशी इलाकों में भी घरों के अंदर बाढ़ का पानी घुसने की वजह से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।

बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का जिले के वरिष्‍ठ अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। बाढ़ बचाव और राहत पहुंचाने का काम लगातार जारी है।राहतकर्मी,छोटे-छोटे टीन के डेंगी पर सवार होकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर रहे हैं।दियारा में ऊंचे स्थानों पर पूरे क्षेत्र की मैपिंग कराई गई है।बाढ़ में फंसे लोगों को ऊंचे स्थानों पर भेजा जा रहा है। सरकार के राहत कैंपों में लोगों के लिए मुफ्त खाने-पीने और रहने के इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने आश्‍वस्‍त किया है कि लोगों के जान-माल की पूरी सुरक्षा की जाएगी। बाढ़ से जिले के तालझारी प्रखंड, राजमहल प्रखंड, साहिबगंज प्रखंड, बरहवा प्रखंड और उधवा प्रखंड के कई हिस्‍सों में पानी घुस गया है। वहीं, बलवा दियारा, रामपुर दियारा, हरप्रसाद दियारा, काला दियारा, किशन प्रसाद दियारा और गोपालपुर दियारा समेत गंगा नदी के बीच में पड़ने वाले सभी दियारा क्षेत्रों में बाढ़ आ गई है।