प्रतिनिधि,पतरातू। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की स्थापना 10 मार्च 1969 को 54 वर्ष पहले हुई थी। यह भारत का एक सुरक्षा बल है, जिसे पैरामिलिट्री फोर्स कहा जाता है। देश के अन्य हिस्सों की तरह हमारे पीटीपीएस में पीवीयूएनएल/एनटीपीसी के द्वारा ऊर्जा उत्पादन का एक बड़ा संयत्र लगाने का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसकी सुरक्षा में सीआईएसएफ बल सदस्यों की बड़ी संख्या में तैनाती है।





54वां स्थापना दिवस पर शुक्रवार को सीआईएस‌एफ यूनिट पीवीयूएनएल पतरातू के इकाई परेड ग्राउंड में स्थापना दिवस के बतौर मुख्य अतिथि पीवीयूएनएल/एनटीपीसी के सीईओ रविंद्र कुमार की उपस्थिति में हर वर्ष की भांति सीआईएसएफ का 54वां स्थापना दिवस सफलतापूर्वक मनाया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन केऔसुब इकाई पीवीयूएनएल पतरातू के वरिष्ठ कमांडेंट महेश पाॅवरेल एंव उप कमांडेंट वीरेंद्र कुमार, पीवीयूएनएल प्रबंधन के विशिष्ट अधिकारियों, स्थानीय पुलिस व बड़ी संख्या में केऔसुब परिवार के सदस्य उपस्थित थे।





इस कार्यक्रम के दौरान भव्य परेड का आयोजन किया गया, जिसमें तीन प्लाटून के परेड कमांडर की भूमिका निरीक्षक/कार्य वी के चौधरी द्वारा निभाई गई। उसके उपरांत रोमांचित करने वाले प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए,जिनमें केऔसुब के जाॅबाज कमांडोज के द्वारा हथियार के विविध अभ्यास व डेमो का नमूना पेश किया गया। इस कार्यक्रम को देखकर आयोजन में उपस्थित सभी दर्शकों के द्वारा उत्साह पूर्वक जोरदार तालियों से स्वागत किया गया। साथ ही केऔसुब इकाई के अग्निशमन शाखा के उप कमांडेंट वीरेंद्र कुमार की अगुवाई में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम जैसे रसोईघर में गैस की आग को बुझाने एवं किसी भी संयंत्र/प्रतिष्ठान में गंभीर से गंभीर आगजनी को रोकने का भव्य डेमो प्रस्तुत किया गया।इन सभी कार्यक्रमों में शामिल फोम की सहायता से पूरे ग्राउंड में भारतीय तिरंगा के भव्य झलक दिखाने का उत्कृष्ट नमूना पेश किया गया, जिसे देखकर सभी दर्शक अत्यंत उत्साहित थे।





कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मुख्य अतिथि ने सराहना व्यक्त की। वहीं मुख्य अतिथि रविंद्र कुमार ने अपने संबोधन में सभी बल सदस्यों को सीआईएसएफ के 54वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आपके बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत हर्ष की अनुभूति हो रही है। आज का यह समारोह सीआईएसएफ के बल सदस्यों के कठिन परिश्रम, राष्ट्र के प्रति समर्पण और उच्च कोटि का अनुशासन का सूचक है। यह प्रदर्शन इस बात को दर्शाता है कि सीआईएसएफ का प्रशिक्षण का स्तर काफी ऊंचा है। आप सभी को इस बात का गर्व होना चाहिए कि आपको केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सदस्य के रूप में देश सेवा का सुनहरा अवसर मिला है,जो तकनीकी रूप से समृद्ध तथा ऊर्जावान बल है। उपरोक्त समारोह के उपलक्ष में इकाई लाइन में रिम्स अस्पताल रांची की अगुवाई में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें केऔसुब के अनेकों बल सदस्यों के द्वारा मानव सेवा भाव से रक्तदान किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान पीवीयूएनएल प्रबंधन के दर्जनों अधिकारी केऔसुब के सैकड़ों सुरक्षा बल सदस्य मौजूद रहें।