सीएम ने गौतम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की रखी आधारशिला
राज्यवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: सीएम चंपाई सोरेन
हर संभव सहयोग करेगी सरकार:अजय कुमार सिंह
गुणवत्तायुक्त शिक्षा के साथ मरीजों का मुफ्त होगा इलाज:डॉ.अभिजीत कुमार
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रति राज्य सरकार कृतसंकल्पित है।जनता को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य संरचनाओं को विकसित करने का प्रयास जारी है।उक्त बातें मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने गुरुवार को धुर्वा स्थित रांची स्मार्ट सिटी परिसर में गौतम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कही।सीएम सोरेन ने कहा कि राज्य की जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि निजी क्षेत्र में गौतम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की आधारशिला रखा जाना स्वास्थ्य-चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। निजी क्षेत्र के उद्यमियों की ओर से की गई इस पहल से राज्य के विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए अधिक से अधिक मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल खोले जाने की जरूरत है।राज्य में आज भी देश के मानक स्तर से काफी कम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल हैं। सीएम ने स्वीकार किया कि झारखंड में चिकित्सकों की कमी है। इसे दूर करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी है। सीएम ने कहा कि आने वाले दिनों में यहां निजी या पीपीपी मोड पर कई मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खुलेंगे,जिसका लाभ यहां की जनता को मिलेगा।
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि स्वास्थ्य सहित किसी भी क्षेत्र में जो निवेशक यहां निवेश करने के इच्छुक हैं, उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा।निवेशक अपना प्रस्ताव दें सरकार गंभीरता से विचार करेगी।यही नहीं बल्कि निवेशकों को सरकार की नीति के अनुरूप इंसेंटिव भी दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि विकास की गति तेज करने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठा रही है।
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि राज्य के ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों से लेकर शहरों तक लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में स्वास्थ्य केंद्रों को सभी आधारभूत संरचनाओं से लैस किया जा रहा है। सरकार इसके लिए तो कार्य कर ही रही है,लेकिन निजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों को भी इसके लिए आगे आना होगा। सीएम ने कहा कि निजी क्षेत्र के उद्यमी ग्रामीण इलाकों में भी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करें, ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए अन्यत्र जाना नहीं पड़े। सभी के सहयोग से हम राज्यवासियों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में सफल होंगे।
इस अवसर पर सीएम चंपाई सोरेन के अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अविनाश कुमार,स्वास्थ्य,चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, सीएम के सचिव अरवा राजकमल,उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा,वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा,रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा,राइट पाथ फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार सहित स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के अधिकारीगण और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।शिलान्यास समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पूर्व मुख्य अतिथियों सहित अन्य गणमान्य को राइट पाथ फाउंडेशन की ओर से अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
गौतम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के शिलान्यास के अवसर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य,चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि निजी क्षेत्र के उद्यमियों की ओर से की जा रही पहल सराहनीय है।उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों की मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा प्रशंसनीय है। ऐसे उद्यमियों को सरकार हर संभव सहयोग करेगी। यह स्वास्थ्य-चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है।
राइट पाथ फाउंडेशन द्वारा प्रस्तावित गौतम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अभिजीत कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा उन्हें मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए जमीन व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय है। उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अस्पताल में क्वालिटी एजुकेशन के साथ-साथ मरीजों को निशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।





