रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विजयदशमी के अवसर पर पंजाबी- हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान और श्री दुर्गापूजा और रावण दहन समिति, अरगोड़ा द्वारा अरगोड़ा मंडा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर सीएम सोरेन ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले को जलाकर असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय के विजय का संदेश दिया।





दो साल के बाद सार्वजनिक रूप से हुआ भव्य आयोजन





सीएम सोरेन ने लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दो वर्षों के बाद इस बार सार्वजनिक रूप से दशहरा का भव्य आयोजन हुआ है।पिछले दो साल से कोविड-19 महामारी की वजह से दशहरा समेत तमाम पर्व त्योहार का आयोजन प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा कि जिस तरह सभी के सहयोग से कोरोना पर विजय प्राप्त किए, उसी के फलस्वरूप आज हम सभी बुराई पर अच्छाई के विजय का पर्व पूरे उमंग और उल्लास के साथ दशहरा मना रहे हैं और मिल-जुलकर इस त्योहार की खुशियां बांट रहे हैं।





सीएम ने कबूतर उड़ाकर दिया शांति का संदेश





सीएम सोरेन ने अरगोड़ा मंडा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया। वहीं राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में कलाकारों ने जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की तो वहीं शानदार आतिशबाजी का नजारा सभी ने देखा। इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, महापौर आशा लाकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय और पंजाबी- हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी के अध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष कुणाल अजमानी, सचिव सुधीर उग्गल, आयोजन समिति के सदस्य आर आनंद, राजेश मेहरा और मुकुल तनेजा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।