पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़।उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल की अध्यक्षता में सीएसआर मामलों को लेकर कोल कंपनी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। बैठक में मुख्य रूप से कंपनी की ओर से सीएसआर मद से किए जाने वाले विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बताया गया कि सीएसआर से कंपनी की ओर से इस वित्तीय वर्ष में शिक्षा, खेल,स्वास्थ्य,विभिन्न संरचनाओं के निर्माण आदि क्षेत्रों में कार्य किए जा रहे हैं।





उपायुक्त ने सीएसआर मद से 10 करोड़ रूपए खर्च करने के लिए कोल कम्पनियों को निर्देशित किया। पाकुड़ शहर के सौन्दर्यरिकरण का मेंटेनेंस को कम से कम तीन साल तक किसी एजेंसी को देने का निर्देश दिया गया। साथ ही भविष्य में कोई भी निर्माण कार्य तीन साल मेंटेनेंस के साथ कार्य कराने का निर्देश दिया गया।





इसके अलावा उपायुक्त ने धरनी पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश कोल कंपनियों को दिया। अमड़ापाड़ा अंचलाधिकारी और कोल कंपनी के प्रतिनिधियों को चिल्गो और बिशनपुर गांव का दौरा कर गांव के लोगों के आवश्यकतानुसार सर्वे कर उसका प्रतिवेदन एक सप्ताह के अंदर अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सदर अस्पताल पाकुड़ में सोलर सिस्टम का जीणोद्धार करने को लेकर डीबीएल कोल कम्पनियों को निर्देश दिया गया।





इस मौके पर उप विकास आयुक्त मो० इश्तियाक अहमद, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन,जिला भूअर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक,विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार,अमड़ापाड़ा अंचलाधिकारी श्रीमान मरांडी समेत अन्य कोल कम्पनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।