लखनऊ।चार बच्चों की मां पबजी वाली पाकिस्तानी सीमा गुलाम हैदर और उसके प्रेमी सचिन मीणा से यूपी एसटीएस और केंद्रीय जांच एजेंसियों की पूछताछ पूरी हो गई है। यूपी एटीएस ने तीन दिनों तक सीमा और सचिन से ऑनलाइन दोस्ती से लेकर सीमा के भारत आने तक के बारे में पूछताछ की है।पूछताछ में कई बातोंं का खुलासा हुआ है।साथ ही सीमा के पाकिस्तान से भारत आने की पूरी प्लानिंग किस तरह से हुई इस पर भी पर्दा उठा है।





यूपी पुलिस का कहना है कि अभी तक सीमा का पाकिस्तानी जासूस होने जैसा सबूत नहीं मिला हैं।मामला प्रेम-प्रसंग का लग रहा है।वहीं यूपी पुलिस ने खुलासा कर दिया है कि सीमा के पास अपने बच्चों सहित भारत आने में खर्च हुई रकम कहां से आई थी।इसकी पूरी जानकारी पुलिस ने शेयर की है।





बुधवार को यूपी पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से सीमा हैदर के मामले में जानकारी साझा की गई,जिसमें सीमा गुलाम हैदर के द्वारा लाखोंं रुपए खर्च कर भारत आने के बार में बताया गया।सीमा का पति गुलाम हैदर 2019 में काम करने के लिए सऊदी अरब गया था। गुलाम सीमा को खर्च के लिए 70-80 हजार रुपए महीने भेजता था।मकान का किराया, बच्चों की स्कूल फीस, घर खर्च के बाद सीमा 20-25 हजार रुपए की बचत करती थी। सीमा ने अपने गांव में 1 लाख रुपए की 20 महीने की 2 कमेटी भी डाल रखी थी।





साल 2021 में दोनों कमेटियों के खुलने के बाद सीमा को 2 लाख रुपए मिले।इस तरह साल का 4 से 5 लाख रुपए सालाना बच जाता था।सीमा अपनी बचत का सारा पैसा मकान मालिक की बेटी के पास रखती थी।एक लाख हैदर के पिता ने भेजे थे।इसके अलावा एक बार गुलाम ने ढाई लाख सऊदी से एक साथ सीमा को भेजे थे।रिश्तेदारों की मदद से एक लाख 20 हजार रुपए से 39 गज का मकान सीमा ने अपने नाम से खरीद लिया था। 3 महीने बाद जनवरी 2022 में 12 लाख रुपए खरीदा गया मकान को सीमा ने बेच दिया था, क्योंकि सीमा को सचिन के पास आना था।





बता दें कि यूपी एटीएस की पूछताछ पूरी हो गई है।टीम नोएडा से वापस लखनऊ भी आ गई है।अब एटीएस अपनी रिपोर्ट यूपी गृह मंत्रालय को सौंपेगी।रिपोर्ट में यूपी पुलिस से मिली जानकारी भी शामिल है।अब गृह मंत्रालय रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला कर सकता है कि सीमा हैदर और उसके साथ आए चार बच्चों को पाकिस्तान डिपोर्ट किया जाएगा।





सीमा की तरफ से कहा गया था कि पाकिस्तान में उसने अपना घर 12 लाख रुपये में बेचा था। इसमें से 6 लाख रुपये उसने ट्रैवल में खर्च कर दिए थे।सीमा ने कहा था कि उसका पति पैसा सऊदी अरब से बच्चों के लिए भेजता था, उसी से उसने घर खरीदा था।वो उसका खुद का घर था।सीमा ने कहा कि पहले वो पाकिस्तान से शारजाह गई थी और फिर इसके बाद नेपाल आई।यहां काठमांडू से उसने भारत में प्रवेश किया। इस दौरान सचिन पूरी मदद कर रहा था। बता दें कि भारत में गैर कानूनी तरीके से प्रवेश करने के आरोप में पुलिस ने सीमा गुलाम हैदर और सचिन को गिरफ्तार कर लिया था।बाद में दोनों को जमानत दे दी गई।