सूबे के मंत्री सत्यानन्द भोगता ने वन महोत्सव का किया शुभारंभ
आओ करे वृक्षों का संरक्षण, यही हमारे भविष्य का संरक्षण: सत्यानन्द भोगता
प्रतिनिधि,चतरा। सूबे के मंत्री सत्यानन्द भोगता रविवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत पकरिया स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल के द्वारा आयोजित 74वां वन महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। मंत्री सत्यानंद भोगता के विद्यालय परिसर में आगमन पर विद्यालय के छात्राओं ने पुष्पवर्षा कर और बैंड बाजा बजाकर भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत मंत्री समेत अन्य गणमान्यों ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपण किया।
मंत्री सत्यानंद भोगता ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सभी को वन महोत्सव की बधाई व हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वन जीवन का आधार है। हमसब को कम से कम खास मौके जैसे शादी सालगिरह, जन्मदिन, त्यौहार आदि पर जरूर से जरूर पौधा लगाने चाहिए एवं उनका संरक्षण करना चाहिए। पेड़ पौधों को अपने बच्चों की तरह देखभाल करनी चाहिए। पौधे हैं तभी जीवन सम्भव है। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में ग्लोबल वार्मिंग की समस्या विकराल रूप धारण करते जा रही है। इनसब से बचने का एक मात्र उपाय है पेड़ पौधे और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण।
वन महोत्सव शुभारंभ कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी उतरी राहुल मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी सबा आलम अंसारी, 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष प्रभुदयाल यादव, राजद के वरिष्ठ नेता चन्द्रिका यादव, जिला परिषद सदस्य चंद्रदेव गोप, मुखिया अनिता कच्छप समेत कई गणमान्य मौजूद थे।





